डिंडौरी में श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी, आठ से अधिक लोग घायल

अमरकंटक से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस डिंडौरी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

Publish: Aug 10, 2023, 11:11 AM IST

Image courtesy- Amarujala
Image courtesy- Amarujala

डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में बुधवार देर रात श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 55 यात्री सवार थे। इनमें आठ से दस श्रद्धालुओं को चोटें आई हैं। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।


जानकारी के मुताबिक बस श्रद्धालुओं को अमरकंटक से नर्मदा मंदिर का दर्शन कराने के बाद रामेश्वरम के लिए निकली थी। डिंडौरी जिले के किकरझर घाट के पास एक अंधा मोड़ पार करते समय बस अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे बस में सवार 8 से 10 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के वक्त सभी श्रद्धालु सो रहे थे, तभी किकरझर घाट उतरते ही चालक ने नियंत्रण खो दिया था। सभी श्रद्धालु रायसेन व सागर जिले के निवासी हैं। 


बस हादसे की सूचना पर डिंडौरी कलेक्टर विकास मिश्रा एवं स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस के अंदर फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र समनापुर में भर्ती कराया गया है, तो वहीं अन्य श्रद्धालुओं के रुकने की व्यवस्था भी समनापुर में कराई गई है।