भोपाल से सागर जा रही यात्रियों से भरी बस पलटी, हादसे में 50 लोग घायल

बस रायसेन जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर गैरतगंज व गढ़ी के बीच ग्राम मनकापुर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।

Updated: Feb 11, 2023, 04:23 AM IST

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन में एक सड़क हादसे में करीब 50 लोग घायल हो गए। दरअसल, राजधानी भोपाल से सागर जा रही एक यात्री बस रायसेन में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जबकि ड्राइवर घटना के बाद फरार हो गया।

घटना शुक्रवार देर रात पौने ग्यारह बजे की है। राधा प्रिया ट्रेवल्स की यात्री बस रायसेन जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर गैरतगंज व गढ़ी के बीच ग्राम मनकापुर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही गैरतगंज थाना व गढ़ी चौकी से पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से निकाला और एम्बुलेंस में बिठाकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। 

यह भी पढ़ें: BJP के लिए गले की फांस बनी विकास यात्रा, कथित विकास की खुली पोल तो इधर उधर भागने लगे भाजपा नेता

रायसेन जिला मुख्यालय सहित अन्य स्थानों से चार एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। जिससे घायलों को उपचार के शासकीय अस्पताल गैरतगंज पहुंचाया गया। इस हादसे में पांच यात्रियों को गंभीर चोटें आईं हैं। गैरतगंज थाना प्रभारी महेश शांडिल्य ने बताया कि भोपाल से सागर जा रही बस क्रमांक एमपी-15 पीए-0369 के पलटने की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस अमला मौके पर पहुंच गया था। सभी घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। बस चालक फरार है। उसकी भी तलाश की जा रही है।