Rain In MP: हर तरफ़ बाढ़, कलेक्टर अलर्ट मोड पर

MP Rain Updates: कई जिलों में लगातार हो रही बारिश बनी मुसीबत, सीएम शिवराज सिंह ने कलेक्टरों को दिए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश

Updated: Aug 23, 2020, 03:16 AM IST

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को राज्य में बारिश की समीक्षा की। कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालत बन गए हैं। उन्होंने कलेक्टरों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री का कहना है कि जलभराव और बांधों के गेट खोलने की स्थिति आने पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। वहीं जिला मुख्यालय स्थित आपदा नियंत्रण केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री का कहना है कि प्रदेश के बड़े-छोटे-बांधों बांधों की लगातार निगरानी की जाए। साथ ही नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के कंट्रोल रूम से लगातार संपर्क में रहने को भी कहा है। मध्य प्रदेश में दो दिन से लगातार बारिश का दौर जारी है। जिससे कई नदियां और बांध उफान पर आ गए हैं।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने बाढ़ के हालात में आपात स्थिति में राहत के लिए सभी जरूरी उपकरण का इंतजाम करने और खोज एवं बचाव दल को पूरी तरह से मुस्तैद रहने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में जलभराव और बांधों के गेट खोलने की स्थिति आने पर जरूरी व्यवस्थाएं करने को कहा है। बाढ़ की स्थिति की सूचनाओं के आदान-प्रदान और समन्वय स्थापित किया जाए। इसके लिए जिला कलेक्टर अपने सीमावर्ती जिलों के कलेक्टर के साथ सतत संपर्क में रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां जल भराव की स्थिति बनी हुई है, वहां लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की व्यवस्था करें। चौहान ने सभी संभागायुक्तों को नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं और राहत स्थलों पर खाना-पानी सहित अन्य सभी इंतजाम करने को कहा है।