कमलनाथ ने बताया संकट मेें भी अपनी मुस्कुराहट का राज

कांग्रेस विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री कमल नाथ ने संकट के समय में अपने चेहरे पर छाई मुस्कान का राज खोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता के लिए अनैतिक और असंवैधानिक रूप से संकट पैदा किया है। संकट के इस दौर में जीत हमारी होगी, हर हाल में होगी। सब पूछते है कि "मैं संकट के इस दौर में भी मुस्कुरा क्यों रहा हूँ" तो वो इसलिए कि हमारी हर हाल में जीत होगी, हम सब एकजुट हैं। मुझे अपने विधायकों पर पूरा विश्वास है और मेरी मुस्कुराहट के पीछे आप सबके चेहरों पर दिख रही मुस्कुराहट है।

Publish: Mar 16, 2020, 12:20 PM IST

MP CM Kamal Nath
MP CM Kamal Nath

भोपाल। 
मप्र में जारी राजनीतिक उठापटक के बीच रविवार शाम मुख्यमंत्री निवास पर कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, विवेक तनखा एवं अरुण यादव उपस्थित थे। बैठक में मुख्यमंत्री नाथ ने कहा कि हमारे विधायक जयपुर गए, हमने उन्हें बंधन में नहीं भेजा, हमने उन्हें इसलिए भेजा कि वो एक परिवारिक माहौल में एक साथ रहे। हमारे विधायक वहाँ घूमते रहे, मोबाइल का उपयोग करते रहे बगैर रोक-टोक के रहे। वहीं भाजपा के नेता दिल्ली के इशारे पर कांग्रेस के विधायकों को बेंगलुरू में आज भी बंधक बनाकर रखे हुए हैं। उन्हें परिवार तक से बात करने की इजाजत नहीं है। 


बंधक विधायक रिहा करो तब फ्लोर टेस्ट
मुख्यमंत्री ने सवाल किया क्यों उन्हें भोपाल नहीं लाया जा रहा है। हमसे कहा जा रहा है कि फ्लोर टेस्ट करवाईए, तो कैसा फ्लोर टेस्ट। पहले बंधक विधायकों को स्वतंत्र तो करिए, उन्हें भोपाल तो लाइए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के भी 21 विधायक अगर बंधक बना लिए जाए तो क्या फ्लोर टेस्ट संवैधानिक होगा?


माफिया के खिलाफ मुहिम से घबराई भाजपा 
नाथ ने कहा कि पिछले 15 माह में हमने माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाया, मिलावट के खिलाफ अभियान चलाया। भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार के घोटालों व भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले थे। इसलिए भाजपा हमें अस्थिर करने की साजिश रच रही है। पूरी कांग्रेस एकजुट होकर भाजपा की साजिश का मुकाबला करेंगे। विकास के रास्ते पर साथ चलते रहेंगे। 

भाजपा का यह षड़यंत्र पूरा देश देख रहा है
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने कहा कि भाजपा का मूल चरित्र है लोकतंत्र की हत्या करना। उत्तराखण्ड में भी कांग्रेस की सरकार को गिराने का इसी तरह का प्रयास भाजपा ने किया था। मैं मुख्यमंत्री कमल नाथ को बधाई देता हूँ कि भाजपा की हर साजिश का अपने कांग्रेस विधायकों के साथ एकजुट होकर डट कर मुकाबला कर रहे है। उनका यह जज्बा काबिले तारीफ है। 
वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक ने कहा कि भाजपा का यह षड़यंत्र पूरा देश देख रहा है। हमारे देश संस्कृति और एकजुट रखने की विचारधारा के खिलाफ यह हमला है। इसे हम सफल नहीं होने देंगे। यहाँ पर बैठे सभी विधायकों का ऊँचा मनोबल देखकर पूरा विश्वास है कि भाजपा की हर साजिश बेनकाब और असफल होगी।