बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने पहुंचे जयवर्धन सिंह, बोले- लोग सड़क पर आ गए हैं, सरकार उन्हें घर दे

कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने किया गुना में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा, बोले- केवल राशन देना पर्याप्त नहीं, जो पीड़ित हैं, उनके लिए कोई स्थायी व्यवस्था करना चाहिए

Updated: Aug 29, 2022, 12:22 PM IST

गुना। मध्य प्रदेश में पिछले हफ्ते हुई बारिश और बाढ़ ने जमकर तबाही मचाई है। गुना सर्वाधिक प्रभावित जिलों में से एक है। यहां बाढ़ ने हजारों लोगों का सबकुछ बर्बाद कर दिया। कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह रविवार और सोमवार को गुना के राघौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने पहुंचे। यहां उन्होंने गांव गांव जाकर लोगों की समस्याओं को सुना और सरकार से प्रभावितों के लिए कुटीर स्वीकृत करने की मांग की।

रिपोर्ट्स के मुताबिक पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह रविवार शाम भोपाल एयरपोर्ट से डायरेक्ट प्रभावितों से मिलने के लिए निकल गए। देर रात तक वे खेजरा, मंशाखेड़ी, ताजपुरा, मोहम्मदपुर के एक एक लोगों से मुलाकात करते थे। वहीं अगली सुबह यानी सोमवार को वे मजरा, किशनगढ़, दौलतपुरा, सुन्दरखेड़ी, नारायणपुरा, निमखेड़ी सहित अन्य गांवों में बाढ़ से बने हालातों को देखने पहुंचे। 

पूर्व मंत्री ने बताया कि सभी गांव में कुछ घर ऐसे हैं, जो पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। ग्रामीणों का कुछ भी नहीं बचा है। वह सड़क पर आ चुके हैं। हमने अपनी तरफ से राशन बांटा है। शासन भी अनाज दे रही है, लेकिन वह पर्याप्त नहीं है। जिन लोगों के घर पूरी तरह नष्ट हो रहे हैं, सिर्फ अनाज देकर नुकसान का भरपाई नहीं किया जा सकता। शासन को उनके लिए जल्द से जल्द कुटीर स्वीकृत करना चाहिए।

जयवर्धन सिंह ने कहा कि वे इस संबंध में कलेक्टर को पत्र भी लिखेंगे। उन्होंने नुकसान का आंकलन के लिए तत्काल सर्वे की मांग की है। जिससे यह सामने आए की कितना नुकसान हुआ। सिंह ने कहा कि, 'कुछ गांव ऐसे हैं, जहां पहली बार इस तरह की भयानक बाढ़ आई है। इसका अध्ययन होना चाहिए कि बाढ़ क्यों आयी। जो नए डैम हैं वहां से पानी कहाँ और कब छोड़ा गया।'

उन्होंने यह भी कहा कि दो-तीन गांव तो ऐसे हैं, जहां के ग्रामीणों ने खुद इच्छा जाहिर की है कि उन्हें कहीं और शिफ्ट किया जाए। जनकपुर, मंशाखेड़ी, इकोदिया के ग्रामीण अब वहां रहना नहीं चाहते हैं। वे दूसरे जगह शिफ्टिंग के लिए तैयार हैं। इस संबंध में भी हम प्रशासन को वह अवगत कराएंगे।