मधुसूदनगढ़ नगर पालिका परिषद में भ्रष्टाचार, दिग्विजय सिंह ने नगरीय प्रशासन मंत्री से की कार्रवाई की मांग

दिग्विजय सिंह ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को पत्र लिखकर मांग की है कि नगर पालिका परिषद मधुसूदनगढ़ के दोषी पाए गए तत्कालीन अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।

Updated: Aug 26, 2025, 05:47 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के गुना जिले में स्थित मधुसूदनगढ़ नगर पालिका परिषद में भ्रष्टाचार का मामला गर्म है। राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को इस संबंध में एक पत्र भी लिखा है।

कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को संबोधित पत्र में सिंह ने उल्लेख किया है कि मधुसूदनगढ़ नगर पालिका परिषद के तत्कालीन अध्यक्ष श्यामलाल अहिरवार और मुख्य नगर पालिका अधिकारी पूरनचंद कुशवाह द्वारा सामग्री खरीद में भारी अनियमितताएं और भ्रष्टाचार किया गया है। इस मामले में गुना जिले में पदस्थ रहे तीन अलग अलग कलेक्टरों फ्रेंक नोबल ए द्वारा 10 जुलाई 2023 को, तरुण राठी द्वारा 29 सितम्बर 2023 को एवं किशोर कुमार कान्याल द्वारा 17 जून 2025 को जांच की गई है और आयुक्त नगरीय प्रशासन को कार्यवाही हेतु लेख किया गया है।

दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में आगे कहा है कि इस मामले में मधुसूदनगढ़ नगर पालिका परिषद के पार्षदों और आम जनता में काफी रोष व्याप्त है। उन्होंने मांग की है कि नगर पालिका परिषद मधुसूदनगढ़ के दोषी पाए गए तत्कालीन अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई हेतु तीन कलेक्टरों द्वारा लिखे गए पत्रों का सम्मान करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।