जासूसी कांड के खिलाफ यूथ कांग्रेस का दिल्ली कूच, MP के 3 हजार कार्यकर्ताओं के साथ संसद घेरने की तैयारी

यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी के नेतृत्व में देश भर के युवा करेंगे संसद घेराव, एमपी से तीन हजार कार्यकर्ताओं को लेकर पहुंचेंगे विक्रांत भूरिया

Updated: Aug 03, 2021, 12:45 PM IST

Photo Courtesy : The Quint
Photo Courtesy : The Quint

नई दिल्ली/भोपाल। पेगासस जासूसी कांड, बढ़ती महंगाई और विवादास्पद कृषि कानूनों को लेकर चौतरफा विरोध झेल रही केंद्र सरकार की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। संसद के मॉनसून सत्र में सदन के भीतर हो रहे हंगामे के बीच अब सदन के बाहर भी केंद्र को घेरने की तैयारी है। भारतीय यूथ कांग्रेस ने दिल्ली कूच का ऐलान किया है। बताया जा रहा है कि 5 अगस्त को संसद घेरने के लिए देशभर से करीब 20 हजार कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे।

संसद की घेराबंदी के लिए अकेले मध्य प्रदेश से करीब तीन हजार कार्यकर्ताओं के दिल्ली जाने की तैयारी है। युवा कांग्रेस मिडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया की प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में भोपाल, इन्दौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत दर्जनों जिले से हमारी टीमें रेल और सड़क मार्ग से दिल्ली के लिये रवाना होंगी। गुरूवार को श्रीनिवास बी वी और विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में ऐतिहासिक संसद घेराव होगा।

यह भी पढ़ें: विरोध के बीच संसद ठप: पीएम मोदी बोले, लोकतंत्र और संविधान का अपमान हो रहा है

मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने बताया कि दिल्ली कूच की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। भूरिया ने कहा, 'संसद को दोनों सदन में केंद्र की निकम्मी मोदी सरकार का अहंकार देख देशभर के युवा आक्रोशित हो गए हैं। मोदी सरकार तानाशाही पर उतर गई है। विपक्ष को जन सरोकार के मुद्दे उठाने से रोका जा रहा है। देश के प्रमुख लोगों के फोन टैप हो रहे है। मोदी-शाह सत्ता के नशे में चूर हैं। बेरोजगार युवा आत्महत्या करने पर मजबूर हो गए हैं। अन्नदाता सड़कों पर मर रहे हैं। दलित-आदिवासियों के साथ अत्याचार चरम पर है।'

हम युवाओं का संदेश लेकर दिल्ली कूच कर रहे हैं- भूरिया

भूरिया ने केंद्र को चेतावनी देते हुए कहा कि ये अब बर्दाश्त से बाहर हो गया है। उन्होंने कहा, 'हम युवाओं का संदेश लेकर दिल्ली कूच कर रहे हैं। हमारा प्रयास सत्ता के नशे में सो रहे प्रधानमंत्री को जगाने का है। लेकिन यह देश के युवाओं की एक चेतावनी होगी कि सरकार यदि अपनी हरकतों से बाज नहीं आती है तो जिन युवाओं के बदौलत वे सत्ता में आए हैं, वही युवा अब धक्के मारकर उन्हें सत्ता से बाहर निकालेंगे।' भूरिया ने आगे कहा कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों पर कुठाराघात हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। 

यह भी पढ़ें: मोदी है तो महंगाई है, मोदी सरकार के खिलाफ चली दिग्विजय सिंह की साइकिल

युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि, 'सरकार इस भ्रम में न रहे कि वह अपनी दमनकारी नीतियों से युवाओं को चुप करा सकती है। यूथ कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता आज भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद है। हम गांधी-नेहरू के दिखाए रास्तों पर देश को ले जाने के लिए संघर्ष करते रहेंगे।' बता दें कि यूथ कांग्रेस ने इस साल के शुरुआत में ही राजधानी के इंडिया गेट पर कृषि बिलों के खिलाफ ट्रैक्टर फूंककर हलचल पैदा कर दिया था। ऐसे में माना जा रहा है यूथ कांग्रेस के इस आंदोलन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां खासा सतर्क हैं और केंद्र का जोर युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संसद की ओर बढ़ने से रोकने पर होगा।

11 अगस्त को भोपाल में होगा विधानसभा घेराव

एमपी यूथ कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि संसद घेराव के बाद दिल्ली से लौटकर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भोपाल में विधानसभा घेराव करेंगे। त्रिपाठी ने कहा कि राज्यभर के करीब 5 हजार कार्यकर्ता शिवराज सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विधानसभा का घेराव करेंगे। खास बात यह है कि इस प्रदर्शन का नेतृत्व भी यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी करेंगे।