पांचवें दिन भी जारी रहा पटवारियों का प्रदर्शन, भिंड में करवाया सामूहिक मुंडन

भिंड में पटवारियों ने शुक्रवार को अपना मुंडन करवा कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पिछले दिनों प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और राजधानी भोपाल समेंत सड़को पर पटवारियाें ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया था।

Updated: Sep 01, 2023, 05:30 PM IST

भिंड। विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार चौतरफा विरोध झेल रही है। प्रदेश के डॉक्टर, नर्स, चयनित शिक्षक, किसान और बेरोजगार युवक सड़कों पर हैं। शिवराज सरकार के खिलाफ पटवारियों ने भी पिछले पांच दिनों से मोर्चा खोल रखा है। शुक्रवार को पांचवें दिन भी पटवारियों का प्रदर्शन जारी रहा। भिंड में पटवारियों ने विरोध स्वरूप सामूहिक मुंडन भी कराया।

दरअसल, हड़ताल के दौरान पटवारियों द्वारा पिछले पांच दिन से अलग-अलग तरीका अपनाते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को भिंड के गौरी सरोवर के किनारे स्थित गणेश मंदिर पर पहुंचकर पटवारियों द्वारा अपना मुंडन करवाया। मुंडन करवाने वाले पटवारियों का कहना है कि, 'सरकार 25 साल से हमें आश्वासन दे रही है, लेकिन हमारा ग्रेड पे 2800 रुपए नहीं किया जा रहा है। हमें जो ट्रैवलिंग एलाउंस मिलता है वह भी बहुत कम मिलता है। मकान किराए के लिए भी सिर्फ ₹300 अलाउंस दिया जाता है। इसलिए सरकार को सद्बुद्धि मिले इसी उद्देश्य से भगवान गणेश जी के सामने हमने यह मुंडन करवाया है।'

इससे पहले गुरुवार को मंदसौर में भी पटवारियों ने विरोध स्वरूप मुंडन करवाया था। पिछले दिनों प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और राजधानी भोपाल समेंत सड़को पर पटवारियाें ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। भोपाल में प्रदेशभर के 19 हजार पटवारी तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे थे। इस दौरान सीएम हाउस की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारी पटवारियों को पुलिस ने बलपूर्वक रोका था।

मध्य प्रदेश में पटवारियों को 1998 में निर्धारित किए गए वेतनमान के अनुसार ही वर्तमान 2023 में वेतन दिया जा रहा है। पिछले 25 साल में प्रदेश के पटवारियों के वेतनमान में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। जबकि, पटवारियों से पूरे सेवाकाल में कार्य लेने वाले राजस्व विभाग एवं उसकी पद स्थापना वाले भू-अभिलेख विभाग के सभी पदोन्नत पदों (राजस्व निरीक्षक, नायब तहसीलदार, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख, तहसीलदार, अधीक्षक भू-अभिलेख) के वेतनमान में कई बार वृद्धि की गई। राजस्व मंत्री ने 2800 पे-ग्रेड किए जाने का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हो पाया है। ऐसे में वे पदोन्नत्ति और वेतनमान बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।