दिग्विजय सिंह ने किसान महापंचायत में शामिल होने का किया आह्वान

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह 4 मार्च से मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में किसान महापंचायत का सिलसिला शुरू कर रहे हैं, उन्होंने एलान किया है कि ये महापंचायतें पूरी तरह ग़ैर-राजनीतिक होंगी

Updated: Mar 02, 2021, 05:26 AM IST

Photo Courtesy: The Wire
Photo Courtesy: The Wire

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश के आम लोगों से अपील की है कि वे 4 मार्च से मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में शुरू होने वाली किसान महापंचायतों में हिस्सा लेकर देश के अन्नदाता के प्रति अपने समर्थन का इजहार करें। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने देश के किसानों की समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए इन महापंचायतों का सिलसिला शुरू करने का एलान किया है। देश के किसान केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ तीन महीने से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे अगर दिल्ली जाकर किसानों के आंदोलन का समर्थन नहीं कर पा रहे, तो कम से कम प्रदेश में होने वाली इन किसान महापंचायतों में जरूर शामिल हों। 

दिग्विजय सिंह ने जनता से अपील करते हुए कहा, 'आइए मिल कर उन लाखों बहादुर किसान मज़दूर भाइयों व बहनों का समर्थन करें जो ३ महीनों से किसान विरोधी क़ानूनों का विरोध कर रहे हैं। आप यदि धरना स्थल नहीं जा सकते तो एक दिन इस महापंचायत के माध्यम से अपना समर्थन तो जता सकते हैं।' 

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने आगे कहा, 'यह लड़ाई किसानों की है मज़दूरों की है गरीब की है और आम आदमी की है क्योंकि यह सभी वर्गों का जन जीवन प्रभावित कर रहे हैं और केवल बड़े अरबपतियों को लाभ पहुँचा रहे हैं।' 

 

 

किसान महापंचायतों का कार्यक्रम

4 मार्च से प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में किसान महापंचायतों का आयोजन किया जा रहा है। 4 मार्च को रतलाम और धार, 5 मार्च को उज्जैन और शाजापुर तो 6 मार्च को सीहोर और भोपाल में महापंचायत आयोजित की जा रही है। खास बात यह है कि ये सभी किसान महापंचायतें पूरी तरह से गैर राजनीतिक होंगी। इस महापंचायत में किसी भी दल का झंडा शामिल नहीं होगा। सभी लोग तिरंगे झंडे को सामने रखकर केंद्र सरकार के कृषि कानूनों का विरोध करेंगे।