दतिया के पीतांबरा शक्तिपीठ पहुंचे दिग्विजय सिंह, पारंपरिक वेशभूषा में की राजसत्ता की देवी की पूजा-अर्चना

दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को पीतांबरा माई के दर्शन कर पूजा अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

Updated: Jul 18, 2023, 07:08 PM IST

दतिया। मध्य प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में जुटे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मंगलवार को दतिया स्थित पीतांबरा शक्तिपीठ पहुंचे। पूर्व सीएम यहां पारंपरिक वेशभूषा में राजसत्ता की देवी पीतांबरा माई की पूजा-अर्चना करते दिखे। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की।

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दतिया पहुंचे। यहां वह सबसे पहले पीतांबरा पीठ पहुंचे। उन्होंने मां बगलामुखी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। सिंह ने पीठ पर स्थित अन्य मंदिरों पर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने माथा टेका और वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक भी किया और समस्त प्रजा के स्वास्थ की कामना भी की।

विधानसभा चुनाव से पहले दिग्विजय सिंह प्रदेशभर में दौरे कर रहे हैं। सोमवार को वह जबलपुर दौरे पर थे। इस दौरान वे जबलपुर के गौरीघाट में विशाल कांवड़ यात्रा में शामिल हुए और कांवड़ भी उठाई। दिग्विजय सिंह यात्रा में नंगे पैर थे और करीब 15 किलोमीटर नंगे पांव ही पैदल चलते दिखे। कांवड़ यात्रा के दौरान कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भगवन शिव की भक्ति में लीन दिखे। उन्होंने इस दौरान किसी भी राजनीतिक सवाल का जवाब नहीं दिया। उन्होंने केवल इतना कहा कि सावन सोमवार है और भगवान भोलेनाथ सबका भला करेंगे।

यह भी पढ़ें: जबलपुर में विशाल कांवड़ यात्रा, 15 KM नंगे पैर चले पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, कहा- भोलेनाथ सबका भला करें

कांवड़ यात्रा के दूसरे ही दिन मंगलवार को मां पीतांबरा की शरण में पहुंचे। बता दें कि पीतांबरा पीठ पर मां बगुलामुखी से विजय का आशिर्वाद मांगकर शीर्ष दलों के नेता चुनाव अभियान की शुरूआत करते आए हैं। राजसत्ता प्राप्ति में मां की पूजा का विशेष महत्व होता है। साल 2018 विधानसभा चुनाव से पूर्व राहुल गांधी भी मां पीतांबरा शक्तिपीठ के दरबार पर माथा टेकनेे आए थे और राज्य में काफी साल बाद कांग्रेस की वापसी हुई थी।