राष्ट्रपति के दौरे से पहले दमोह में फायरिंग, बीजेपी विधायक की बर्थ डे पार्टी में गोली चलने से दो की मौत

जबेरा से बीजेपी विधायक धर्मेंद सिंह लोधी के जन्मदिन के जश्न के दौरान आपसी रंजिश में गोली चलने का आरोप, विधायक प्रतिनिधि समेत दो लोगों की मौत, कांग्रेस ने साधा सरकार पर निशाना

Updated: Mar 06, 2021, 09:21 PM IST

Photo courtesy: Naidunia
Photo courtesy: Naidunia

दमोह। जबेरा से बीजेपी विधायक धर्मेंद्र सिंह लोधी की बर्थ डे पार्टी के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया है। इस फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई। इस मामले में कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने इसे सत्ता का दुःखद नशा करार दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि क्या सरकार का आत्मनिर्भरता का यही पैमाना है। 

 

दरअसल शुक्रवार रात दमोह बीजेपी विधायक के जन्मदिन का जश्न चल रहा था। तभी वहां मौजूद दो गुटों में विवाद हो गया। दोनों गुटों में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। जिसे लेकर कहा सुनी से शुरू हुआ विवाद गोली चलने तक बढ़ गया।

ग्राम बनवार में कार्यकर्ताओं ने विधायक के जन्मदिन की पार्टी रखी थी। जहां विधायक पहुंचे थे। जैसे ही विधायक धर्मेंद्र लोधी पार्टी से निकले वहां दो गुटों में विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विधायक प्रतिनिधि अरविंद जैन और कल्याण सिंह ठाकुर में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। दोनों में विवाद बढ़ता देख उनका पड़ोसी मोनू सिंह राजपूत वहां बीच बचाव करने पहुंचा। तभी वहां किसी ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से अरविंद जैन और मोनू सिंह घायल हो गए। जिसके बाद दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गोली चलने की खबर पाकर नोहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है। वहीं आज ही राष्ट्रपति का दौरा है, जिसके मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस की तैनाती कर दिया गया है। 

घटना शुक्रवार देर रात की है, जहां नोहटा थाना इलाका स्थित वनवार चौकी खेर माता मंदिर के पास गोली चली। बताया जा रहा है कि गोली चलने से पहले विधायक वहां से जा चुके थे। नोहटा थाना प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार मोनू उर्फ जोगेंद्र राजपूत और विधायक प्रतिनिधि अरविंद जैन की मौके पर ही मौत हो गई। तीस वर्षीय विधायक प्रतिनिधि अरविंद जैन पुराना हिस्ट्री शीटर गुंडा था, उसकी जिला बदर की कार्रवाई होने वाली थी। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है, राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर दमोह में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

राष्ट्रपति की यात्रा से पहले वारदात

राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द शनिवार-रविवार को दो दिन की मध्य प्रदेश यात्रा पर हैं। शनिवार को वे जबलपुर में हाई कोर्ट से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद शाम सात बजे ग्वारीघाट में मां नर्मदा की महाआरती में शामिल होंगे। जिसके बाद 7 मार्च की सुबह 9.30 बजे राष्ट्रपति दमोह जिले के ग्राम जलहरी स्थित हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां से राष्ट्रपति कोविंद सड़क के रास्ते सिंग्रामपुर पहुंचकर रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और जनजातीय सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। इसके बाद वे कल दोपहर 2.40 बजे हेलीकॉप्टर से डुमना के लिए रवाना होंगे। राष्ट्रपति डुमना विमानतल से दोपहर 3.30 बजे वायुसेना के विमान से नई दिल्ली लौट जाएंगे।