जब मंत्री के बंगले पर गोली चल सकती है तो कहीं भी चल सकती है

Crime in MP : सागर में बंगले के पास गोली चलने के बाद भाजपा सरकार में खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की प्रतिक्रिया

Publish: Jun 23, 2020, 09:44 PM IST

मध्‍य प्रदेश की भाजपा सरकार में खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के सागर स्थित बंगले के पास गोली चलने से सनसनी फैल गई। मंत्री के आवास के पास रविवार रात अपराधियों ने 3 राउंड फायरिंग की है। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना की वजह अभी तक सामने नहीं आ पाई है। इस घटना पर गोविंद सिंह राजपूत मंत्री ने कहा कि पुलिस को देखना होगा कि अगर एक मंत्री के बंगले के बाहर ऐसी घटना हो सकती है तो फिर कहीं भी हो सकती है। ये गंभीर मसला है। मैं इस संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा करूंगा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात खाद्य आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के बंगले से करीब 150 मीटर दूर 3 राउंड फायरिंग हुई है। सागर एसपी अमित सांघी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां 3 खोखा, 5 जिंदा कारतूस और एक कट्टा बरामद किया है। इस मामले में 2 आरोपी विवेक ठाकुर और गौरव चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मूसा लिंकन फरार हो गया।

दैनिक भास्‍कर के अनुसार मंत्री गोविंद सिंह राजपूत जब कार्यालय से लौट रहे थे तब रास्ते में तीन-चार लोग थे। उन्होंने रोड पर गाड़ी खड़ी कर रखी थी और गाड़ियों के गेट खोल रखे थे, जब गनर ने उन्हें कहा कि ये क्या तरीका है तो उन्होंने गेट बंद कर लिया। जब मंत्री बंगले पर लौट आए तब बाहर दो गनर थे, जिन्होंने देखा कि फायरिंग की गई। मंत्री ने कहा कि पुलिस को देखना होगा कि अगर एक मंत्री के बंगले के बाहर ऐसी घटना हो सकती है तो फिर कहीं भी हो सकती है। ये गंभीर मसला है।