एमपी में फिर गैंगरेप, महिला को अगवा कर दुष्कर्म किया और खेत में फेंका

अशोकनगर में एक महिला के साथ गांव के ही चार लोगों ने गैंगरेप किया, आरोपियों ने पहले उसे जबरन कार में बैठाया, उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया और बेहोशी की हालत में खेत में फेंक कर भाग गए

Updated: Oct 01, 2023, 04:44 PM IST

अशोकनगर। मध्य प्रदेश में महिलाओं के साथ हैवानियत की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हो रही है। उज्जैन गैंगरेप कांड का मामला अभी थमा भी नहीं कि अशोकनगर से इसी तरह का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहां चार दरिंदों ने एक महिला को अगवा कर हैवानियत की घटना को अंजाम दिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार सुबह शाडोरा थाना क्षेत्र के म्यापुर के ग्रामीणों ने महिला को गांव के खेत में बदहवास हालत में पड़ा देखा। महिला के कपड़े फटे हुए थे। महिला ने ग्रामीणों को बताया कि वह बदरवास इलाके की रहने वाली है। शनिवार को वह ईसागढ़ के पास वहेरिया स्थित आनंदपुर ट्रस्ट के अस्पताल में इलाज कराने गयी हुई थी, वहीं एक पुलिया के पास से चार लोगों ने उसका अपहरण किया और जबरदस्ती कार में बिठाया। 

महिला के मुताबिक आरोपियों ने रातभर उसके साथ दुष्कर्म किया और सुबह खेत में उसे छोड़कर फरार हो गए। महिला के प्राइवेट पार्ट में चोट के निशान मिले हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी विवेक शर्मा शाढौरा थाना प्रभारी, सहित पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचा। एसडीओपी विवेक शर्मा ने बताया कि शाढ़ौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर आए लेकिन उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां पर उसका उपचार चल रहा है साथ ही महिला का मेडिकल कराया जा रहा है। वहीं महिला के बयान भी लिए जा रहे हैं। 

जिला अस्पताल के डॉक्टर बीएल टैगोर ने बताया कि महिला को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया है। उसका मेडिकल कराया जा रहा है। महिला को कई चोट के निशान है, महिला के प्राइवेट पार्ट में भी जगह-जगह चोटें आई हैं। संभवत: उसके साथ मारपीट की गई है। रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।