शिक्षक भर्ती वर्ग-1 के पदों में वृद्धि करे सरकार, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती वर्ग-1, चयन परीक्षा 2023 के रोस्टर में उठाई पदवृद्धि की मांग, कहा- चयनित शिक्षकों के हितों का संरक्षण करे सरकार

Updated: Mar 11, 2024, 09:38 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती वर्ग-1, चयन परीक्षा 2023 के रोस्टर में पदवृद्धि की मांग उठाई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस बाबत सीएम मोहन यादव को पत्र लिखा है। इसमें सिंह ने कहा है कि रिक्त पदों की संख्या 35 हजार से अधिक है जबकि भर्ती मात्र 8720 पदों पर हो रही है।

सीएम मोहन यादव को संबोधित पत्र में राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह लिखते हैं, 'चयनित शिक्षक संघ (वर्ग - 1) 2023, मध्य प्रदेश के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत आवेदन पत्र मूलतः संलग्न है। मुझे अवगत कराया गया है कि शासन द्वारा वर्ष 2018 के बाद पहली बार उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा 2023 सोलह विषयों के लिए 8720 पदों की भर्ती हेतु आयोजित की गई थी। इसमें भी अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को बगैर मापदण्ड के सम्मिलित किया गया है।' 

पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे लिखा है कि साल 2018 की पात्रता परीक्षा पास करने वाले 15000 से अधिक अभ्यर्थियों को 2023 की चयन परीक्षा में सम्मिलित किया गया है। 1 दिसंबर 2022 की स्थिति में वर्ग-1 के रिक्त पदों की संख्या लगभग 35000 है जो वर्तमान में और अधिक बढ़ चुकी है। ऐसी स्थिति में मात्र 8720 पदों पर भर्ती करने से वे सभी अभ्यर्थी चयन से वंचित हो रहे हैं जिन्होंने 2023 में पात्रता परीक्षा और चयन परीक्षा दोनों उत्तीर्ण कर ली है और जो निर्धारित आयुसीमा को पार करने जा रहे हैं।

सिंह ने लिखा है कि संघ के सदस्यों ने उक्त पदों में वृद्धि करने तथा चयनित शिक्षकों के हितों का संरक्षण करने हेतु भर्ती किये जा रहे पदों में वृद्धि करने का निवेदन किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इसपर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शिक्षक भर्ती वर्ग-1 के पदों में वृद्धि करके सभी चयनित शिक्षकों को अवसर देने हेतु उचित निर्देश जारी करें।