इंदौर: कोरोना के यूके वैरियंट से मचा हड़कंप, बिना विदेश गए 6 मरीजों में मिला नया स्ट्रेन

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल और इंदौर में लगातार बढ़ रहे हैं कोरोना संक्रमण के मामले, खतरनाक यूके स्ट्रेन ने बढ़ाई चिंता, तीन दिनों में काबू नहीं हुआ तो लगेगा नाइट कर्फ़्यू

Updated: Mar 06, 2021, 02:35 AM IST

Photo Courtesy: Amar Ujala
Photo Courtesy: Amar Ujala

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से चिंताजनक खबर सामने आई है। कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों के बीच अब वायरस के खतरनाक स्ट्रेन ने शहर में पांव पसारना शुरू कर दिया। इंदौर के आधा दर्जन मरीज कोरोना के नए वैरियंट से संक्रमित पाए गए हैं। दिल्ली के लैब में भेजे गए सैंपल में 6 मरीजों के कोरोना संक्रमित होने की खबर आने के बाद शहर में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन सोमवार से नाइट कर्फ्यू लगाने की तैयारी में है।

इंदौर के नोडल कोविड अधिकारी अमित मालाकार के अनुसार पिछले महीने 20 तारीख को जांच के लिए दिल्ली भेजे गए 106 सैंपल्स में से 6 में UK स्ट्रेन की पुष्टि हुई है। इन मरीजों में 10 से 15 फरवरी के बीच संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसमें से किसी भी मरीज की विदेश आने-जाने की हिस्ट्री नहीं है। इसके बावजूद ये कैसे यूके वैरिएंट की चपेट में आए, डॉक्टरों के लिए यह हैरान करने वाले मामला है।

स्वास्थ्य विभाग ने इंदौर के 100 से ज्यादा सैंपल जांच के लिए इसलिए दिल्ली भेजे थे, क्योंकि 27 मरीजों की मौत अचानक हार्ट अटैक से हुई थी। अन्य सैंपल एसिम्टोमैटिक और कोरोना के कमजोर लक्षण वाले मरीजों के थे। इंदौर में इसके पहले भी दो लोगों में ब्रिटिश स्ट्रेन मिलने की पुष्टि हुई थी, हालांकि ये दोनों लोग विदेश से लौटे थे। वहीं नए मामले विदेश यात्रा से नहीं जुड़े हैं, इसलिए यह चिंताजनक माना जा रहा है।

नए वैरियंट के मरीजों में राजेंद्र नगर का एक, तेजाजी नगर इलाके के तीन, पलासिया इलाके का एक और प्रेम नगर इलाके का एक व्यक्ति शामिल है। यह स्ट्रेन 19 से 49 साल की उम्र के लोगों में मिला है। इनमें सभी मरीज पुरुष हैं और उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। 

नाइट कर्फ्यू के आसार

इंदौर समेत राजधानी भोपाल में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों के बीच नए स्ट्रेन मिलने की वजह से अब नाइट कर्फ्यू लगने के आसार हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि, 'भोपाल और इंदौर में कोरोना के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग पर सख्ती जरूरी है। अगर अगले 3 दिन में कोरोना के प्रकरणों में गिरावट नहीं हुई तो आठ मार्च से भोपाल और इंदौर में रात्रि कर्फ्यू लगाया जाएगा।'