बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर निकले कमल नाथ, बाढ़ पीड़ितों से करेंगे मुलाकात
कमल नाथ सुबह सुबह ग्वालियर के लिए हुए रवाना, कांग्रेस नेता गोविंद सिंह भी हैं कमल नाथ के साथ मौजूद, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी और ग्वालियर का करेंगे दौरा

भोपाल। ग्वालियर चंबल में बाढ़ से मची भयंकर तबाही के बीच प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ आज बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए रवाना हो गए हैं। कमल नाथ आज सुबह सुबह ग्वालियर के लिए रवाना हुए हैं। उनके साथ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री डॉ गोविंद सिंह भी मौजूद हैं। कमल नाथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के साथ बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात भी करेंगे।
कमल नाथ आज सबसे पहले ग्वालियर पहुंचते ही दतिया के लिए रवाना होंगे। दतिया पहुंचकर पूर्व सीएम स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पीड़ितों से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही पीसीसी चीफ मीडिया से भी मुखातिब होंगे। इसी तर्ज पर कमल नाथ दतिया से शिवपुरी और उसके बाद श्योपुर के लिए रवाना होंगे।
कमलनाथ जी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर :
— MP Congress (@INCMP) August 7, 2021
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ग्वालियर-चंबल संभाग में आयी बाढ़ से हुए नुक़सान का मुआयना करने एवं प्रभावितों से मुलाक़ात करने ग्वालियर से निकल चुके हैं।
“हर दुख-दर्द में साथ, अपने हैं कमलनाथ” pic.twitter.com/kXEJ3uk5Aj
दोपहर करीब ढाई बजे कमल नाथ वापस ग्वालियर पहुंचेंगे। इसके बाद शाम तक कमल नाथ वापस भोपाल लौट आएंगे। कमल नाथ लगातार शिवराज सरकार से बाढ़ से पीड़ित परिवारों तक सहायता पहुंचाने के लिए शिवराज सरकार से मांग कर रहे हैं। कमल नाथ भयंकर त्रासदी के बीच शिवराज सरकार द्वारा अन्न उत्सव मनाने की आलोचना भी कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें : बाढ़ से चौपट हुई 25 हजार हेक्टेयर की फसल, 15 गांव अब भी हैं पानी से घिरे हुए
मध्य प्रदेश का उत्तरी हिस्सा बुरी तरह से बाढ़ से प्रभावित हुआ है। 27 हजार से ज्यादा आबादी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जबकि 6,918 लोगों को अब तक रेस्क्यू किया गया है। लेकिन बाढ़ पीड़ितों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कांग्रेस लगातार इस समस्या को उठा रही है कि बाढ़ पीड़ित लोग खाने पीने के लिए दर दर की ठोकरें खा रहे हैं।
पूरा आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। एक अनुमान के मुताबिक इस बाढ़ से कम के कम 25 हजार से ज्यादा हेक्टेयर की फसल भी चौपट हुई है। वहीं शिवराज सरकार ने नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र से टीम भेजने का अनुरोध किया है।