राजधानी भोपाल फिर शर्मसार: नशे की गोली खिलाकर 13 साल की बच्ची से दुष्कर्म

भोपाल के कमला नगर इलाके में 8वीं क्लास की छात्रा के साथ दुष्कर्म, आरोपी उसे रातभर बंधक बनाए रहे।

Updated: Jan 27, 2023, 05:29 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल एक बार फिर शर्मसार हुई है। यहां कमला नगर इलाके में 8वीं क्लास की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपियों ने 13 साल की नाबालिग को नशे की गोली खिलाकर रेप की घटना को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि छात्रा के पड़ोस में रहने वाले दो आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ टीनशेड की झुग्गी में ले गए। रात में उसके साथ एक आरोपी ने रेप किया। दूसरे आरोपी ने अपराध में उसका सहयोग किया। आरोपी उसे रातभर बंधक बनाए रहे। सुबह आरोपियों की चंगुल से बाहर आई पीड़िता ने घर वालों को आपबीती बताई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ रेप, अपहरण समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ है।

यह भी पढ़ें: भोपाल में शहडोल की युवती से गैंगरेप: जॉब ढूंढने आई थी भोपाल, दरिंदों ने बनाया हवस का शिकार

पुलिस के मुताबिक, IIFM के पास मांडवा बस्ती निवासी 13 साल की किशोरी 8वीं में पढ़ती है। बुधवार रात आठ बजे वह अपने घर के बाहर खड़ी हुई थी। इसी बीच उसके पड़ोस में रहने वाले दो युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ मोहल्ले से थोड़ी दूर टीनशेड झुग्गी में एक घर पर ले गए।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे नशे की गोली खिला दी। इसके बाद उसके साथ एक आरोपी ने रेप किया। दूसरा आरोपी अपराध में सहयोग करता रहा। देर रात तक जब किशोरी घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने कमला नगर थाने में इसकी रिपोर्ट लिखाई। हरकत में आई पुलिस ने छात्रा की तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला। गुरुवार सुबह आठ बजे किशोरी घर पहुंची। उसने परिजन को आपबीती बताई। पुलिस ने छात्रा की निशानदेही पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।