MP कांग्रेस का 'मेरा घर राहुल का घर कैंपेन', कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घरों के बाहर लगाया राहुल गांधी का नेम प्लेट
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 12, तुगलक लेन स्थित बंगले को खाली करने के आदेश के बाद अब देशभर के लोग उन्हें अपने घरों में रहने का न्यौता दे रहे हैं। मध्य प्रदेश में कई कांग्रेस नेताओं ने अपना घर राहुल गांधी के नाम करने का ऐलान किया है।

भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 12, तुगलक लेन स्थित घर खाली करने का आदेश मिलने के बाद अब देशभर के लोग उन्हें अपने घरों में रहने के लिए न्यौता दे रहे हैं। इधर मध्य प्रदेश में "मेरा घर, राहुल का घर" कैंपेन जोर पकड़ता जा रहा है। राज्य के कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने घर के बाहर राहुल गांधी का नेम प्लेट लगा दिया है।
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी के समर्थन में "मेरा घर आपका घर" हैशटैग ट्वीट किया था। दिग्विजय सिंह ने राहुल को रहने के लिए अपना घर ऑफर किया था। देखते ही देखते दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट ने मध्य प्रदेश में कैंपेन का स्वरूप धारण कर लिया। अब राजधानी भोपाल से लेकर ग्रामीण इलाकों के कार्यकर्ता तक राहुल गांधी को अपने घर में रहने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। यह अभियान ग्रामीण इलाकों में बिजली की गति से फैला है।
@RahulGandhi जी, आप जैसे उदार हृदय वाले लोगों के लिए तो पूरा देश ही परिवार है और "वसुधैवकुटुम्बकम्" की यही भावना हमारे देश का मूल चरित्र है।
— digvijaya singh (@digvijaya_28) March 29, 2023
राहुल जी, #MeraGharAapkaGhar है, मैं अपने घर में आपका स्वागत करता हूं और अपना सौभाग्य मानूंगा यदि आप मेरे घर में आकर रहेंगे। pic.twitter.com/053UyD2qY6
कांग्रेस नेता रविंद्र साहू झूमरवाला ने राजधानी भोपाल के साकेत नगर इलाके में स्थित अपना घर L124/3C राहुल गांधी के नाम समर्पित करने का ऐलान किया है। उन्होंने बाकायदा अपने घर पर अपने नेम प्लेट की जगह राहुल गांधी के नाम की नेम प्लेट लगा दी। साहू का कहना है कि, "राहुल गांधी के पुरखों ने भारत को आजाद करने से लेकर, राष्ट्र के लिए अपने प्राण तक की कुर्बानी दी है। राहुल गांधी इस देश के करोड़ों लोगों के दिलों में निवास करते हैं। राहुल गांधी देश को जोड़ने के लिए, लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने के लिए फासीवादी ताकतों से लड़ रहे हैं।"
साहू ने आगे कहा, "गांधी परिवार त्याग की मिसाल है, जिसकी मां ने एक पल सोचे बगैर प्रधानमंत्री का पद ठुकरा दिया हो, उसके पुत्र से घर छीनकर मोदी सरकार अट्टहास कर रही है। जिनके खून का एक एक कतरा इस देश को समर्पित है, हम ऐसे योद्धा के नाम अपना सबकुछ समर्पित कर सकते हैं। राहुल गांधी जब चाहें मेरे घर आकर रह सकते हैं, आज से वे इसे अपना ही घर समझें। भारत मां के सच्चे सपूत के किसी भी काम मैं आ सकूं तो ये मेरे लिए गौरव का विषय होगा।"
मेरा घर, राहुल गांधी जी का घर।
— Piyush Babele||पीयूष बबेले (@BabelePiyush) March 30, 2023
एमपी कांग्रेसियों की नई शुरुआत। pic.twitter.com/ujkcZLL12W
मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले से लेकर कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने भी अपने आवास के बाहर "मेरा घर, राहुल गांधी जी का घर" लिखा पोस्टर लगाया है। आनंद जाट ने कहा कि राहुल गांधी देश के करोड़ों लोगों के दिल में बसते हैं। हम सब कांग्रेस कार्यकर्ताओं का घर राहुल गांधी का घर है। मोदी सरकार उन्हें सरकारी आवास से निकाल सकती है, लेकिन हमारे दिल से नहीं निकाल सकती।"
आनंद जाट ने आगे कहा, “जवाहरलाल नेहरू ने आजादी के बाद भारत निर्माण में अपनी 98 फ़ीसदी निजी सम्पत्ति यानी 196 करोड़ रूपए दान में दे दी थी। इलाहाबाद के बीचो-बीच 40 बीघे में फैले आनंद भवन, स्वराज भवन और कमला नेहरू मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा संचालित कमला नेहरू अस्पताल इसका प्रमाण है। इन तीनों के बाज़ार में कितने हज़ार करोड़ भाव होंगे इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। राहुल की दादी इंदिरा ने आनंद भवन सहित बची हुई सभी पुश्तैनी संपत्तियों को 16 नवंबर 1969 को राष्ट्र को समर्पित कर दिया था। जिनके पिता और दादी ने देश के लिए शहादत दी हो, जिनके पुरखों के कपड़े इस देश की सरकारी म्यूजियम की शोभा बढ़ाते हैं, उनके बेघर होने पर कुछ लोग जश्न मना रहे हैं। वो राजा के घर में पैदा हुआ है लेकिन कंटेनर में भी रह लेगा। देश कहां जा रहा है यह शोचनीय है।”