लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी MP कांग्रेस, 19 जनवरी से प्रदेशभर के दौरे करेंगे दिग्विजय सिंह

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह 19 जनवरी से लेकर 26 जनवरी तक राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र में सेक्टर अध्यक्षों, बीएलए कार्यकर्ताओं व पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठकें करेंगे।

Updated: Jan 17, 2024, 07:18 PM IST

भोपाल। विधानसभा चुनावों में मिली अप्रत्याशित असफलता के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। कांग्रेस पार्टी का फोकस जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने का है। चुनाव में मिली हार के बाद कार्यकर्ताओं में नई जान फूंकने के लिए पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मैदान में उतर चुके हैं। सिंह 19 जनवरी से प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर लोकसभा चुनाव की रणनीति को लेकर चर्चा करेंगे।

जानकारी के मुताबिक दिग्विजय सिंह शुक्रवार (19 जनवरी) को राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में रहेंगे। इस दौरान वे नरसिंहगढ़ में मंडल अध्यक्षों, विधानसभा के सेक्टर अध्यक्षों और बीएलए कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। तत्पश्चात वे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।

कार्यकर्ताओं की बैठक में नगर पालिका/परिषद, जनपद, जिला पंचायत के चुने गये सदस्यों, सेवादल, महिला कॉग्रेस, युवक कॉग्रेस, किसान कांग्रेस, IT Cell, NSUI सहित सभी प्रकोष्ठ के सदस्य एवं सभी वरिष्ठ, कनिष्ठ पूर्व वर्तमान पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में विधानसभा क्षेत्र के वह सभी कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित होंगे जिन्होने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की है।

इसी तरह सोमवार 22 जनवरी को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह राजगढ़ जिले के सारंगपुर में समीक्षा बैठकें करेंगे। मंगलवार 23 जनवरी को सिंह आगर मालवा जिले के सुसनेर में रहेंगे। यह विधानसभा क्षेत्र भी राजगढ़ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। बुधवार को सिंह राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। गुरुवार, 25 जनवरी को पूर्व सीएम राजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे।

गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी को पूर्व सीएम ब्यावरा में रहेंगे। यहां सुबह साढ़े 8 बजे वे कांग्रेस कार्यालय में झंडावंदन कार्यक्रम में शामिल होगें। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। सिंह इन बैठकों में विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर समीक्षा करने के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी बात करेंगे।

बता दें कि विधानसभा चुनाव में मिली असफलता के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह की कमी आई है। ऐसे में पार्टी के सामने मुख्य चुनौती कार्यकर्ताओं में नई जान फूंकने की है। अप्रैल महीने में संभावित लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह प्रदेशभर में दौरे कर कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करेंगे। बुधवार को भी सिंह बघेलखंड में रीवा में थे और यहां एससी-एसटी वर्ग के एक बड़े सम्मलेन में वे शामिल हुए। इसके पहले वे चंबल क्षेत्र के भी दौरे कर चुके हैं।