भाजपा-कांग्रेस के धुरंधरों को हराकर मजदूर का बेटा बना MLA, बाइक पर बैठकर 350 KM दूर भोपाल पहुंचे

बुधवार को डोडियार को कागजी कार्यवाही के लिए भोपाल स्थित विधानसभा सचिवालय आना था। उनके पास चारपहिया वाहन किराए पर लेने के लिए रुपए नहीं थे। ऐसे में वह अपने एक साथी को लेकर बाइक से ही सुबह सैलाना से भोपाल के लिए निकल पड़े।

Updated: Dec 06, 2023, 06:17 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों का परिणाम सबको चौंका कर रख दिया है। कांग्रेस के कई अभेद किले ढह गए। हालांकि, सैलाना सीट पर न तो भाजपा कुछ कर पाई और न ही कांग्रेस का असर रहा है। इस सीट पर भारत आदिवासी पार्टी यानी BAP की जीत हुई है। ऐसे प्रत्याशी की जीत हुई जिसने चुनाव कर्ज लेकर लड़ा और जितने के बाद 350 KM दूर बाइक से यात्रा कर भोपाल पहुंचा।

कमलेश्वर डोडियार का कोई राजनीतिक बैक्राउंड नहीं है। लेकिन फिर भी उन्होंने कांग्रेस और बीजेपी के दिग्गजों को पटखनी दे दी है। यही कारण है कि मध्य प्रदेश समेत पूरे देश भर में उनकी चर्चा हो रही है। डोडियार पिछले कई सालों से आदिवासियों के मुद्दे पर संघर्ष कर रहे हैं। रविवार को जब चुनाव के नतीजे आ रहे थे तब भी उनकी मां मजदूरी के लिए गई हुई थी। एक मजदूर परिवार का बेटा रतलाम की सैलाना सीट से अब विधायक है।

बुधवार को डोडियार को कागजी कार्यवाही के लिए भोपाल स्थित विधानसभा सचिवालय आना था। उनके पास चारपहिया वाहन किराए पर लेने के लिए रुपए नहीं थे। ऐसे में वह अपने एक साथी को लेकर बाइक से ही सुबह सैलाना से भोपाल के लिए निकल पड़े। करीब 350 KM की दूरी तय कर वह शाम को भोपाल पहुंचे।

BAP के उम्मीदवार कमलेश्वर डोडियार कांग्रेस के सीटिंग विधायक हर्ष विजय गेहलोत को 4 हजार 618 वोटों से हराकर विधायक बने हैं। रतलाम जिले के राघकुआं गांव में पैदा हुए कमलेश्वर को अपनी जिंदगी की कहानी पूरी तरह फिल्मी है। वह यूएस के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा से प्रभावित होकर राजनीति में आए हैं।

जयस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर कमलेश्वर डोडियार ने 2018 का चुनाव भी लड़ा था। उन्हें 18 हजार 800 वोट मिले थे और वो चुनाव हार गए थे। इसके बाद 2019 में उन्होंने भारत ट्राइबल पार्टी (BTP) के टिकट पर रतलाम लोकसभा सीट से सांसद का चुनाव भी लड़ा। सितंबर 2023 में भारत ट्राइबल पार्टी का विभाजन हुआ और यह भारत आदिवासी पार्टी के रूप में सामने आई।

कमलेश्वर ने BTP की जगह BAP को चुना। राजस्थान से लगे भील बाहुल्य इलाकों में पार्टी ने अपना जनाधार बढ़ाया। 2023 के चुनाव में कमलेश को सैलाना के 71 हजार 219 लोगों ने अपना वोट दिया। यह कांग्रेस उम्मीदवार हर्ष विजय गहलोत से 4 हजार 618 और भाजपा प्रत्याशी संगीता चरेल से 29 हजार 635 वोट से ज्यादा रहा।