MP में गाय के नाम पर टैक्स वसूलने की तैयारी, सीएम शिवराज ने दिया गौ सेस लगाने का निर्देश

मध्य प्रदेश गो-पालन एवं पशुधन संवर्धन बोर्ड की समीक्षा बैठक के दाैरान सीएम शिवराज का निर्देश, गौ ग्रास के लिए टैक्स की योजना बनाएं, गौ कैबिनेट की बैठक में लगेगी अंतिम मुहर

Updated: Nov 19, 2021, 04:38 AM IST

Photo Courtesy: HT
Photo Courtesy: HT

भोपाल। मध्य प्रदेश में गौ कैबिनेट बनाने के बाद अब शिवराज सरकार गाय के नाम पर टैक्स वसूलने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश गौ-पालन एवं पशुधन संवर्धन बोर्ड की समीक्षा बैठक के दौरान इस बात पर चर्चा की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि गौ-ग्रास के लिए गाय टैक्स (Cow Cess) लगाने की योजना बनाएं।

बैठक के दौरान सीएम शिवराज ने कहा कि प्रदेश भर में गौशालाओं के संचालन की जिम्मेदारी अच्छे स्वयंसेवी संगठनों को दी जाए। उन्होंने कहा स्वयंसेवी संगठन सेवाभाव रखकर गौ-शालाओं को अच्छी तरह विकसित कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने अशासकीय स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा संचालित गौ-शालाओं को अनुदान देने का भी निर्देश दिया है। 

मुख्यमंत्री ने आगर-मालवा के सालरिया में स्थित गौ-अभयारण्य को देश के आदर्श के रूप में विकसित कर अखिल भारतीय स्तर पर सबसे अच्छा गौ-अभयारण्य बनाने का निर्देश दिया है। साथ ही जबलपुर के गंगईवीर में गौ-वंश वन विहार की स्थापना करने की भी बात कही है। उन्होंने प्रदेश में गौ-वंश एवं नंदी की नस्ल सुधार के प्रयास पर जोर देते हुए कहा कि ज्यादा दूध देने वाले गौ-वंश पर रिसर्च किया जाए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रदेश में 2200 गौ-शालाएँ बनाई जाएंगी और गौ-अभयारण्य को गौ-पर्यटन का केन्द्र बनाया जाएगा। बता दें कि इस समय मध्य प्रदेश में करीब 1300 गोशालाएं हैं। इनमें करीब 1 लाख 80 हजार गायों को रखा गया है। 20वीं पशु संगणना के अनुसार मध्य प्रदेश में 01 करोड़ 87 लाख 50 हजार गौ-वंश हैं।