केंद्रीय बजट के खिलाफ सड़कों पर उतरी यूथ कांग्रेस, अशोकनगर में चौराहे पर गैस सिलेंडर रखकर किया प्रदर्शन

मध्य प्रदेश के कई जिलों में केंद्रीय बजट के खिलाफ यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, अशोकनगर में गैस सिलेंडर लेकर चौराहे पर बैठे जिलाध्यक्ष विशाल रघुवंशी, कहा- यह बजट सिर्फ उद्योगपतियों के फायदे के लिए है

Updated: Feb 03, 2023, 01:00 PM IST

भोपाल/अशोकनगर। केंद्रीय बजट पेश होने के बाद से केंद्र की मोदी सरकार चौतरफा घिरी हुई है। बजट में आम लोगों के हित में कोई विशेष प्रावधान नहीं होने के कारण देशभर में लोग सड़कों पर उतर आए हैं। मध्य प्रदेश के भी कई जिलों में बजट को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। अशोकनगर जिले में यूथ कांग्रेस के लोग सिलेंडर लेकर चौराहे पर बैठे नजर आए।

शुक्रवार दोपहर सैंकड़ों की संख्या में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता और आम नागरिक बजट के विरोध में अशोकनगर के अस्पताल चौराहे पर इकट्ठा हुए। यहां उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान वे घरेलू गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे थे। प्रदर्शन में कई गृहणी महिलाएं भी शामिल थीं, जिन्होंने बढ़ती महंगाई के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। 

जिला यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष विशाल रघुवंशी ने कहा कि बजट से स्पष्ट है मोदी सरकार अपने मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए करोड़ों भारतीय नागरिकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। इस बार बजट में किसे क्या मिला? न नौजवानों को नौकरी मिली, न किसानों को पैकेज मिला, शिक्षा क्षेत्र से लेकर स्वास्थ्य तक कुछ स्पेशल नहीं है। सिर्फ और सिर्फ पुराने जुमलों पर पर्दा डालने की कोशिशें हो रही है। देश के लोग सिर्फ फ्री राशन नहीं चाहते। लोगों को अच्छी शिक्षा स्वास्थ्य और नौकरी चाहिए। मोदी सरकार सिर्फ उद्योगपतियों के हित में फैसले लेती है। यह बजट भी उद्योगपतियों के लिए है।"

रघुवंशी ने आगे कहा कि, "जनता सरकार से स्कूल और अस्पताल मांग रही है, जबकि सरकार एयरपोर्ट बनाने का ऐलान कर रही है। बाद में वह एयरपोर्ट भी अडानी को बेच देंगे। मोदी सरकार का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। अगले चुनाव में मित्रों की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए लोग तैयार हैं। मोदी सरकार का अंत निकट है।"

यह भी पढ़ें: नमाज पढ़ो... आतंकवादी बनो, उन्हें यही सिखाया जाता है, धर्म विशेष को लेकर रामदेव ने उगला जहर

मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने बताया कि प्रदेशभर में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता केंद्रीय बजट के खिलाफ सड़कों पर उतर रहे हैं। कई जिलों में शुक्रवार को प्रदर्शन किया गया है। जबकि अन्य जिलों में शनिवार को प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस जनता के बीच जाकर उन्हें बजट की हकीकत बताएगी।