महाकाल के पुजारियों ने OMG-2 के फिल्ममेकर्स को भेजा नोटिस, भगवान शंकर को कचोरी खरीदते दिखाने पर आपत्ति

महाकाल ट्रस्ट का कहना है कि फिल्म में भगवान शिव का रूप गलत तरीके से दिखाया गया है। उन्हें बाजार में दुकान से कचोरी खरीदते दिखाया गया है। यह भगवान शिव के श्रद्धालुओं को आहत करता है।

Publish: Aug 08, 2023, 03:06 PM IST

उज्जैन। उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर ट्रस्ट ने फिल्म ओह माय गॉड (OMG-2) के मेकर्स को लीगल नोटिस भेजा है। महाकाल मंदिर के पुजारियों का कहना है कि फिल्म में भगवान शिव का रूप गलत तरीके से दिखाया गया है। उन्हें बाजार में दुकान से कचोरी खरीदते दिखाया गया है। यह भगवान शिव के श्रद्धालुओं को आहत करता है।

बता दें कि OMG-2 फिल्म 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होना है। सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को A सर्टिफिकेट दिया है। यानी इसे 18 साल से कम आयु के लोग नहीं देख पाएंगे। इस पर महाकाल मंदिर के पुजारियों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि इस फिल्म में अश्लील सीन हैं। महाकाल मंदिर के साथ इस तरह के दृश्य स्वीकार्य नहीं हैं।

महाकाल ट्रस्ट ने ये नोटिस फिल्म निर्देशक अमित राय, निर्माता विपुल शाह और चंद्रप्रकाश द्विवेदी, एक्टर अक्षय कुमार के अलावा सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून कुमार जोशी को भेजा गया है। नोटिस में कहा गया है कि लेटर मिलने के 24 घंटे के अंदर अपमानजनक दृश्यों को हटाया जाए। सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। ऐसा न करने की पर फिल्म के सर्टिफिकेट को रद्द करने के लिए अपील की जाएगी।

बता दें कि इस फिल्म की कहानी मंदिरों के शहर उज्जैन में रहने वाले भगवान शिव के परम भक्त कांति शरण मुद्गल के इर्द-गिर्द बुनी गई है। जीवन की मुश्किल परिस्थितियों में कांति शरण के सामने भगवान प्रकट होते हैं और उनके जीवन में आने वाली चुनौतियों को हल करने में उसकी मदद करते हैं।