चुनाव पूर्व एमपी में फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, देर रात 18 IAS अफसरों के तबादले
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पूर्व प्रशासनिक सर्जरी का दौर लगातार जारी है। प्रदेश सरकार ने एक बार फिर से बड़े पैमाने पर वरिष्ठ अधिकारियों को इधर से उधर किया है।

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पूर्व ट्रांसफर और पोस्टिंग का दौर लगातार जारी है। प्रदेश सरकार ने देर रात 18 IAS अधिकारियों के तबादले की लिस्ट जारी की है। इनमें 5 जिलों के कलेक्टर को भी बदला गया है। चार संभागों के कमिश्नर भी बदले गये।
रविवार रात करीब पौने 12 बजे आईएएस अफसरों के दो तबादला आदेश जारी हुए हैं। पहले आदेश में 13 आईएएस अफसरों के तबादले हुए। इनमें गुना, भिंड, पन्ना, उमरिया, छिंदवाड़ा के कलेक्टरों का भी ट्रांसफर किया गया है। दूसरे आदेश में 5 वरिष्ठ आईएएस अफसरों के ट्रांसफर किए गए हैं।
भोपाल और इंदौर के कमिश्नर का भी तबादला हुआ है। भोपाल संभाग के कमिश्नर माल सिंह भयडिया को इंदौर संभागायुक्त बनाया गया है। वहीं इंदौर के कमिश्नर डॉ. पवन कुमार शर्मा को भोपाल का संभागायुक्त बनाया गया है। उज्जैन के कमिश्नर संदीप यादव प्रमुख राजस्व आयुक्त भोपाल बनाए गए हैं। वहीं, डॉ. संजय गोयल प्रमुख राजस्व आयुक्त अब उज्जैन के संभागायुक्त होंगे।
नए तबादला आदेश में प्रदेश के 5 जिलों के कलेक्टर को बदला गया है। भिंड, छिंदवाड़ा, पन्ना, भिंड और उमरिया के मौजूदा कलेक्टरों का तबादला कर दिया गया है। तरुण राठी गुना के नए कलेक्टर होंगे, जबकि हरजिंदर सिंह को पन्ना का डीएम नियुक्त किया गया है। इसके अलावा भिंड को भी नया कलेक्टर मिला है। संजीव श्रीवास्तव जिले की कमान संभालेंगे। वहीं, मनोज पुष्प को छिंदवाड़ा का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। भोपाल विकास प्राधिकरण के सीईओ बुद्धेश कुमार वैद्य को उमरिया का कलेक्टर बनाया गया है।
दरअसल, चुनाव के लिहाज से शिवराज सरकार ने मैदानी जमावट शुरू कर दी है। इसी क्रम में सीएम चौहान अपने चहेते और विश्वसनीय अधिकारियों को इधर उधर भेज रहे हैं। पिछले कुछ महीनों से प्रदेश में ट्रांसफर पोस्टिंग का दौर लगातार जारी है।