सास के साथ लिव इन में रहने वाले शख्स ने महिला से किया दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज

भोपाल के बैरागढ़ में रहने वाली महिला के साथ एक व्यक्ति ने पति को जान से मारने की धमकी देकर किया दुष्कर्म, मायके पहुँच कर महिला ने सुनाई आपबीती

Updated: Nov 12, 2021, 12:57 PM IST

भोपाल। भोपाल में दुष्कर्म की एक सनसनीखेज़ वारदात सामने आयी है। सास के साथ लिव इन में रहने वाले एक शख्स ने महिला को धमकी देकर उसके साथ बलात्कार किया। आरोपी ने महिला को उसके पति को जान से मार डालने की धमकी दी थी। जिस वजह से डरी सहमी महिला का वह शोषण करता रहा। पीड़िता ने अपने मायके पहुँच कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।  

भोपाल के बैरागढ़ में 31 वर्षीय पीड़िता अपने पति के साथ रहती थी। पीड़िता का पति दूध डेयरी में काम करता है और दोनों पति पत्नी बैरागढ़ में किराए के मकान पर रहे थे। वहीं उसकी सास गोपाल नामक किसी युवक के साथ लिव इन में रहा करती थी। इसी दौरान आरोपी ने पीड़िता के साथ बलात्कार किया। आरोपी ने पीड़िता को उसके पति को जान से मार डालने की धमकी दी थी। रायसेन की रहने वाली पीड़िता जब हाल ही में अपने मायके पहुँची, तब उसके घरवाले आपबीती सुनकर दंग रह गए। जिसके बाद आरोपी के खिलाफ रायसेन के महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।  

पीड़िता ने बताया कि गोपाल नामक व्यक्ति उसकी 56 वर्षीय सास के साथ लिवइन में रहा करता था। लॉकडाउन के दौरान आरोपी ने पीड़िता को घर में अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को यह बात बतायी तो वह उसके पति की हत्या कर देगा।

पीड़िता इसी डर से आरोपी के ज़ुल्म को चुपचाप सहती रही। पीड़िता के मुताबिक आरोपी जब भी उसे अकेला पाता वह उसके साथ दुष्कर्म किया करता था। इन घटनाक्रमों से पीड़िता अवसाद में चली गई। पीड़िता की सास ने एक दिन मकान बदलने की बात कह कर उसे मायके भेज दिया। पीड़िता की सास ने कहा कि मकान बदलने के बाद वे उसे वापस बुला लेंगे। पीड़िता ने मायके पहुँचते ही अपने घरवालों के सामने सभी राज़ खोल दिए।