MP Elections 2023: माँ पीताम्बरा का आशीर्वाद लेकर अभियान का श्रीगणेश करेंगे दिग्विजय सिंह, दतिया से शुरू करेंगे प्रचार

सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती के नामांकन में शामिल होने दतिया जाएंगे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, राजसत्ता की देवी माँ पीताम्बरा का आशीर्वाद लेकर शुरू करेंगे प्रचार अभियान

Updated: Oct 29, 2023, 10:36 AM IST

MP Elections 2023: मध्य प्रदेश में चुनाव के आखिरी तीन हफ्ते बचे रह गए हैं। भाजपा कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत जनता का विश्वास जीतने में झोंक दी है। भाजपा जहां अमित शाह के दौरों और शिवराज की घोषणाओं पर वोट मांग रही है, वहीं कांग्रेस सरकार विरोधी लहर पर जीत का भरोसा जता रही है। इसी सिलसिले में प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने प्रचार के आखिरी दिनों में ताबड़तोड़ दौरे करने का प्लान तैयार किया है। दिग्विजय सिंह प्रचार अभियान की शुरूआत सोमवार को दतिया में कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती के नामांकन के साथ करेंगे। मध्य प्रदेश में प्रत्याशियों के नामांकन की आखिरी तारीख कल यानी तीस अक्तूबर है। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक दिग्विजय सिंह रविवार देर रात ट्रेन से दतिया के लिए रवाना होंगे। सोमवार सुबह सर्वप्रथम वे पीतांबरा शक्तिपीठ जाएंगे और मां बंग्लामुखी का दर्शन करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे वे कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती के नामांकन में शामिल होंगे। इसके बाद वे दतिया में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। सिंह का दतिया दौरा इसलिए अहम बन गया है कि यहां कांग्रेस की टक्कर राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से है। कड़े मुकाबले को देखते हुए दतिया में कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार को भी बदला है।

दरअसल, दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस इस बार विशेष फोकस कर रही है। कांग्रेस ने यहां एक बार फिर से राजेंद्र भारती पर भरोसा जताया है। 2018 के चुनाव में जहां डॉ नरोत्तम मिश्रा को 72 हजार 209 मत मिले थे, वहीं भारती 69 हजार 553 वोट पा सके। यानी भारती महज ढाई हजार वोटों के अंतर से चुनाव हार गए थे। इस बार कांग्रेस ने यहां पूरा दमखम लगा दिया है। भाजपा के कद्दावर नेता अवधेश नायक को भी पार्टी में शामिल कराया गया है, इससे भाजपा यहां कमजोर हुई है। अब देखना होगा की इस बार कांग्रेस की रणनीति कितना कामयाब होती है।