कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे का मुकाबला, एग्जिट पोल ने दिया दोनों पार्टियों को 2-2 सीट

एग्जिट पोल के मुताबिक खंडवा और जोबट पर बीजेपी आगे चल रही है, जबकि पृथ्वीपुर और रैगांव की सीट कांग्रेस के खाते में जाती दिख रही है

Updated: Oct 31, 2021, 04:48 AM IST

भोपाल। तमाम आरोप प्रत्यारोपों के बीच मध्य प्रदेश में खंडवा लोकसभा सीट और तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो गए। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले हुए इस चुनाव को सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है। एग्जिट पोल में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला दिख रहा है। हिंदी के एक प्रमुख अख़बार के मुताबिक कांग्रेस पार्टी दो विधानसभा सीटों पर भाजपा से आगे चल रही है। 

एग्जिट पोल के मुताबिक पृथ्वीपुर और रैगांव की सीट कांग्रेस के खाते में जाती हुई दिख रही है। जबकि जोबट और खंडवा सीट पर भाजपा अपना कब्जा जमा सकती है। पिछले चुनाव में जोबट और पृथ्वीपुर कांग्रेस के कब्जे में थी, जबकि खंडवा और रैगांव पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। 

पृथ्वीपुर सीट पर दिवंगत कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह राठौर के बेटे नितेंद्र सिंह राठौर की जीत की संभावना अधिक है। जबकि रैगांव सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार कल्पना वर्मा जीत दर्ज कर सकती हैं। रैगांव सीट पर दो महिला उम्मीदवारों के बीच टक्कर थी। कल्पना वर्मा के सामने भाजपा ने प्रतिमा बागरी को चुनावी मैदान में खड़ा किया था। 

मध्य प्रदेश की सभी सीटों के नतीजे दो नवंबर घोषित किए जाएंगे। लेकिन इसे पहले ही सभी दलों और उम्मीदवारों ने अनुमान लगाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल इन सीटों पर चुनावी मैदान में उतरे सभी उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद है।