MP Election 2023: BJP आज जारी कर सकती है उम्मीदवारों की पांचवीं सूची, मैराथन मीटिंग्स का दौर जारी

BJP Candidates List: भोपाल में बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश चुनाव सह प्रभारी अश्वनी वैष्णव।

Updated: Oct 21, 2023, 02:04 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 230 में से 229 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। वहीं, भाजपा नेताओं का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है। भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उम्मीदवारों की पांचवीं लिस्ट का इंतजार कर रहे हैं। शुक्रवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक दिल्ली में हुई। माना जा रहा है कि इसमें प्रदेश के 94 बाकी प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा हुई और आज किसी भी समय भाजपा उम्मीदवारों की सूची जारी की जा सकती है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक 20 अक्टूबर को दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की हुई बैठक में सभी 94 सीटों पर मंथन किया गया। 92 सीटों पर एक साथ नाम घोषित किए जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, दो सीटों पर अभी पार्टी में पशोपेश की स्थिति है। दो सीट गुना और विदिशा होल्ड की जा सकती हैं। इस सूची में कई मंत्री और विधायकों के टिकट कटना तय माना जा रहा है।बताया जा रहा है कि बैठक में यह भी तय किया गया कि जो भी टिकट का विरोध करेगा, उस पर अनुशासन का डंडा चलाया जाएगा। उन पर पार्टी सख्त कार्रवाई करेगी। इसके लिए गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सहमति दे दी है। 

यह भी पढ़ें: विवाह के लिए 1 लाख 1 हजार, बसों में मुफ्त यात्रा, 25 लाख तक का लोन, MP की महिलाओं को कमलनाथ के 7 वचन

बता दें कि शिवराज कैबिनेट के 9 मंत्रियों की सीट पर टिकट का ऐलान होना बाकी है। इसमें मंत्री उषा ठाकुर, इंदर सिंह परमार, गौरीशंकर बिसेन, ओपीएस भदौरिया, रामखेलावन पटेल, सुरेश धाकड़, बृजेंद्र सिंह यादव और महेंद्र सिंह सिसोदिया का टिकट होल्ड रखा है। वहीं, यशोधरा राजे सिंधिया ने स्वास्थ्य कारणों से चुनाव लड़ने से मना कर दिया है। दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक मंत्रियों के टिकट खतरे में हैं। सिंधिया खेमे के चार मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, सुरेश धाकड़, बृजेंद्र सिंह यादव और ओपीएस भदौरिया के टिकट पर फैसला होना बाकी है।

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: आज से शुरू होगी नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया, 30 अक्टूबर तक भर सकेंगे पर्चा

बताया जा रहा है कि टिकट बंटवारे के बाद बगावत रोकने की रणनीति पर भोपाल भाजपा कार्यलाय में चर्चा हो रही है। डैमेज कंट्रोल और नई रणनीति बनाने के लिये आयोजित बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश चुनाव सह प्रभारी अश्वनी वैष्णव इस बैठक में शामिल हैं। बता दें कि भाजपा ने अब तक चार सूची जारी कर 136 कैंडिडेट के नामों का ऐलान कर दिया है। बचे हुए 94 नामों की सूची एक साथ या दो बार में जारी हो सकती है। अब तक जारी हुई सूची में 3 केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को पार्टी ने विधानसभा चुनाव में उतारा है जबकि सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत 25 मंत्रियों को पार्टी ने टिकट दिए हैं।