MP Election: VBP ने घोषित किए दो विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार, 28 प्रत्याशियों की सूची भी फाइनल

रविवार को भोपाल के रविंद्र भवन में पूर्व आईएएस वरदमूर्ति मिश्रा द्वारा गठित वास्तविक भारत पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ। इस दौरान दो उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया।

Updated: Apr 10, 2023, 03:19 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। राज्य में भाजपा और कांग्रेस के अलावा भी कई पार्टियां उम्मीद तलाश रही हैं। इसी कड़ी में पूर्व आईएएस अधिकारी वरदमूर्ति मिश्रा द्वारा गठित वास्तविक भारत पार्टी (VBP) ने रविवार को दो विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया है। साथ ही बताया है कि 28 अन्य सीटों के प्रत्याशी भी तय हो गए हैं, जिनकी घोषणा भी अगले महीने तक कर दी जाएगी।

दरअसल, आईएएस रहे वरदमूर्ति मिश्रा ने इस बार अपनी अलग पार्टी बनाकर सभी सीटों से चुनाव लड़ने की बात कही थी। उन्होंने वास्तविक भारत पार्टी बनाई है, और प्रदेश भर में भ्रमण करने का दावा किया है। रविवार को भोपाल के रविंद्र भवन में वास्तविक भारत पार्टी का प्रथम राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ। इसमें वरदमूर्ति मिश्रा ने जबलपुर जिले की बरगी और नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव विधानसभा सीट से उम्मीदवारों का आधिकारिक ऐलान कर दिया।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस का मिशन बुंदेलखंड: सोमवार से 5 दिवसीय दौरे पर रहेंगे दिग्विजय सिंह, कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद

मिश्रा ने कहा कि नरसिंहपुर जिले में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष रहे हरिगोविंद झारिया को वास्तविक भारत पार्टी ने नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव सीट से उम्मीदवार बनाया है। वहीं जबलपुर जिले की बरगी सीट से भाजपा अंत्योदय प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक रहे आशीष पटेल को उम्मीदवार घोषित किया है। मिश्रा ने कहा कि हमारे मध्यप्रदेश में 28 प्रत्याशी तय हो चुके हैं। अगले एक महीने में इनकी लिस्ट आधिकारिक तौर पर जारी कर दी जाएगी।

इस दौरान मिश्रा ने कहा, 'मध्य प्रदेश की सत्ता में भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों को बराबरी का मौका मिला, लेकिन ये दोनों दल दिशाहीन, विजनहीन हैं। लाडली बहना योजना सिर्फ महिलाओं को ट्रैप में फंसाने का जरिया है। जिस सरकार के पास 3.30 लाख करोड़ का कर्ज हो, वह महिलाओं को कैसे पैसा देगी? सरकार कर्ज चुकाएगी या महिलाओं को पैसा देगी। यह सिर्फ चुनावी योजना है। दिसंबर के बाद यह बंद हो जाएगी।'