MP Elections 2023: कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, सोनिया-राहुल समेत ये दिग्गज भरेंगे हुंकार

Congress Star Campaigners: स्टार प्रचारकों की सूची में मल्लिकार्जुन खड़गे, राजस्थान सीएम गहलोत, छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल, सचिन पायलट, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह समेत 40 दिग्गजों का नाम शामिल है।

Updated: Oct 28, 2023, 01:37 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। कांग्रेस की ओर से निर्वाचन आयोग को इस संबंध में 40 नेताओं के नाम भेजे गए हैं। इनमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह जैसे दिग्गजों का नाम शामिल है।

पार्टी ने तीन प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को भी स्टार प्रचारक बनाया है। इनमें राजस्थान सीएम अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल और हिमाचल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम शामिल है। इसके अलावा महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनिक, जितेंद्र सिंह, राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, जेएनयू के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार भी स्टार प्रचारकों में शामिल हैं। 

स्थानीय नेताओं में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के अलावा नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, सुरेश पचौरी, कमलेश्वर पटेल, ओमकार सिंह मरकाम, राज्यसभा सांसद विवेक तंखा, राजमणि पटेल, नकुलनाथ, मीनाक्षी नटराजन, जीतू पटवारी, आरिफ मसूद, प्रदीप अहिरवार और अजय दुबे का नाम शामिल है।

यह भी पढ़ें: MP में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी कांग्रेस, ताजा सर्वे में 140 से अधिक सीटें जीतने के संकेत

मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया जाएगा। वहीं तीन दिसंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। बीजेपी ने इस बार चुनाव में दिग्गजों की फौज उतार दी है। राज्य में तीन केंद्रीय मंत्री समेत 7 सांसदों को टिकट दिया गया है। बावजूद ओपिनियन पोल्स के मुताबिक सत्ताधारी दल की स्थिति ठीक नहीं है। उधर, कांग्रेस पार्टी 150 सीटें जीतने का दावा कर रही है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पार्टी द्वारा अलग-अलग एजेंसियों से सर्वे कराए गए हैं। इसमें यह बात निकलकर आई कि कांग्रेस 150 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कह चुके हैं कि प्रदेश में कांग्रेस 150 सीटें जीतकर सरकार बनाने जा रही है।