MP में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी कांग्रेस, ताजा सर्वे में 140 से अधिक सीटें जीतने के संकेत

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में महज कुछ हफ्ते का समय बचा है। चुनाव को लेकर जनता का मूड भांपने के लिए जी न्यूज ने प्रदेश में सर्वे कराए थे, जिसमें कांग्रेस प्रचंड बहुमत से सरकार बनाती नजर आ रही है।

Updated: Oct 27, 2023, 09:46 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का काउंडाउन शुरू हो गया है। एक तरफ बीजेपी सत्ता में बने रहने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस भी सत्ता वापसी की तैयारियों में जोर शोर से जुटी है। चुनाव को लेकर हो रहे तमाम ओपिनियन पोल्स में भाजपा पिछड़ती नजर आ रही है। इसी बीच अब एक और ओपिनियन पोल सामने आया है जिसके मुताबिक मध्य प्रदेश में कांग्रेस प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।

विधानसभा चुनाव को लेकर जनता का मूड भांपने के लिए जी न्यूज ने प्रदेशभर में सर्वे कराए थे, जिसमें चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं। सर्वे के मुताबिक इस बार चुनाव में कांग्रेस को 132 से 146 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, भाजपा को 84 से 98 के बीच सिमटती नजर आ रही है। अलावा अन्य दलों को 0-5 सीटें मिल सकती हैं। 2018 के चुनाव में भाजपा को 109 सीटें और कांग्रेस को 114 सीटें मिली थीं।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस की मिल में आपके झूठ का एक-एक दाना पिसा जाएगा, CM चौहान के बयान पर दिग्विजय सिंह का पलटवार

सर्वे रिपोर्ट में संभागीय स्तर पर भी जनता का मूड भी बताया गया है। इसके मुताबिक ग्वालियर चंबल संभाग की 32 में से कांग्रेस 24 से 26 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। जबकि भाजपा यहां 8 से 10 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। इसी तरह बुंदेलखंड क्षेत्र की 26 में कांग्रेस 16 से 18 जबकि भाजपा 8 से 10 सीटों पर दर्ज कर सकती है। 

बघेलखंड में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। यहां कांग्रेस के खाते में 17 से 19 जबकि भाजपा के खाते में 6 से 8 सीट जाने का अनुमान है।
इसी तरह महाकौशल में भी कांग्रेस को बड़ी बढ़त मिल सकती है। यहां 34 से 36 जबकि भाजपा 12 से 14 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। मालवा क्षेत्र में कांग्रेस 23 से 25 और बीजेपी 28 से 30 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। 

इसके अलावा निमाड़ क्षेत्र की 18 सीटों में 12 से 14 सीट कांग्रेस के खाते में जाती नजर आ रही है। जबकि भाजपा को यहां 4 से 6 सीटों पर संतोष करना होगा।
वहीं, भोपाल संभाग की 26 सीटों में से कांग्रेस 6 से 8 जबकि भाजपा 18 से 20 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। वोट प्रतिशत की बात करें तो कांग्रेस 46 फीसदी वोट शेयर के साथ सबसे बड़ी पार्टी उभरकर सामने आएगी। जबकि भाजपा 43 फीसदी वोट हासिल कर सकती है। 11 फीसदी वोट अन्य के खाते में जाने के आसार हैं।

यह भी पढ़ें: MP में मनरेगा में काम करने वाले श्रमिकों को नहीं मिली मजदूरी, कमलनाथ ने निर्वाचन आयोग से की भुगतान करने की अपील

मध्य प्रदेश को लेकर अधिकांश सर्वे रिपोर्ट्स में कांग्रेस की जीत की संभावना जताई जा रही है। हाल ही में टाइम्स नाउ से लेकर एबीपी और सी वोटर के ओपिनियल पोल्स आए थे जिनमें कांग्रेस सरकार बनने की संभावना जताई गई थी। मध्य प्रदेश चुनाव को लेकर पिछले कुछ महीनों में 11 विभिन्न ओपिनियन पोल्स आए हैं। इनमें 9 पोल्स ऐसे हैं जिनमें कांग्रेस की जीत की संभावना जताई गई है।

मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया जाएगा। वहीं तीन दिसंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। संभावित हार से घबराकर बीजेपी ने इस बार चुनाव में दिग्गजों की फौज उतार दी है। राज्य में तीन केंद्रीय मंत्री समेत 7 सांसदों को टिकट दिया गया है। बावजूद सत्ताधारी दल की स्थिति ठीक नहीं है। उधर, कांग्रेस पार्टी 150 सीटें जीतने का दावा कर रही है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पार्टी द्वारा अलग-अलग एजेंसियों से सर्वे कराए गए हैं। इसमें यह बात निकलकर आई कि कांग्रेस 150 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कह चुके हैं कि प्रदेश में कांग्रेस 150 सीटें जीतकर सरकार बनाने जा रही है।