पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह ने बदला पाला, कांग्रेस छोड़ भाजपा में हुए शामिल, डिंडोरी नपा अध्यक्ष ने भी थामा BJP का दामन

कांग्रेस सरकार के पूर्व मंत्री और रीवा राजघराने के महाराज पुष्पराज सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। उनके साथ वरिष्ठ पत्रकार श्री मधुकर द्विवेदी भी भाजपा में शामिल हुए।

Updated: Jul 05, 2023, 12:04 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पूर्व दल बदल का खेल जारी है। इसी क्रम में पूर्व मंत्री व रीवा राजघराने के महाराज पुष्पराज सिंह ने कांग्रेस से पाला बदलकर भाजपा का दामन थाम लिया है। उनके साथ वरिष्ठ पत्रकार श्री मधुकर द्विवेदी भी भाजपा में शामिल हुए। 

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को पार्टी नेतृत्व के मौजूदगी में महाराज पुष्पराज सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह और वरिष्ठ पत्रकार मधुकर द्विवेदी को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।

डिंडोरी नगरपरिषद अध्यक्ष भाजपा में शामिल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को डिंडोरी नगरपरिषद अध्यक्ष सुनीता सारस भी कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई। उनके साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, डिंडोरी जिलाध्यक्ष अवधराज बिलैया, सुधीर दत्त तिवारी, राजेन्द्र पाठक, पवन शर्मा, संदीप दत्त तिवारी, शहपुरा जनपद अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल, आशीष वैश्य, स्कंद चौकसे, संदीप कोसकार, मुकेश गुप्ता मौजूद थे।