RSS और BJP को पूरी जिंदगी दे दी, परेशान कर रहा प्रशासन, दिग्विजय सिंह के सामने बुजुर्ग स्वयंसेवक ने बताई व्यथा

RSS के वरिष्ठ स्वयंसेवक रघुवर भार्गव ने कहा कि पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के इशारे पर पुलिस और प्रशासन उन्हें परेशान कर रहा है। उनके घर पर बुलडोजर कार्रवाई करने की धमकी दे रहे हैं।

Updated: Apr 01, 2025, 03:56 PM IST

दतिया। मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री व बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा पर गंभीर आरोप लगे हैं। मिश्रा पर RSS के ही वरिष्ठ स्वयंसेवक ने परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उन्हें घर पर बुलडोजर चलाने की धमकी दी जा रही है। बुजुर्ग RSS कार्यकर्ता ने दिग्विजय सिंह के सामने मीडिया को अपनी व्यथा बताई और फुट-फुटकर रोने लगे।

दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह चैत्र नवरात्रि के पहले दिन मां बगलामुखी का पूजन करने दतिया स्थित पीतांबरा शक्तिपीठ पहुंचे थे। पूजन उपरांत उन्होंने स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान RSS के पुराने स्वयंसेवक 91 वर्षीय रघुवर भार्गव भी उनसे मिलने पहुंचे और अपनी व्यथा बताई।

यह भी पढ़ें: प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल, गृह विभाग की जिम्मेदारी नहीं संभाल पा रहे CM मोहन यादव: जयवर्धन सिंह

मीडिया के सामने रघुवर भार्गव ने कहा कि वे 91 वर्ष के हैं और उन्होंने पूरा जीवन RSS, जनसंघ और बीजेपी को दे दी। इस बावजूद उम्र के इस पड़ाव में भाजपा के ही नेता नरोत्तम मिश्रा उन्हें परेशान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरोत्तम मिश्रा।डबरा और दतिया से जब भी विधानसभा चुनाव लड़े उन्होंने खूब मदद की। लेकिन चाटुकारिता नहीं कर सके, इसलिए उन्हें सजा दी जा रही है।

भार्गव भावुक होकर कहते हैं, 'मैंने सुना था कि सत्य परेशान हो सकता पराजित नहीं। देखते हैं कि मुझे कब तक और परेशान किया जाता है।' उन्होंने बताया कि मिश्रा के इशारे कर प्रशासन उन्हें घर से बेदखल करना चाहता है, जिसपर विगत 80 वर्षों से उनका कब्जा है। उन्हें और उनकी बीमार पत्नी को पुलिस घर में घुसकर परेशान करती है। इसकी शिकायत पर उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। उल्टा उन्हें घर तोड़ने की धमकी दी जाती है। 

उन्होंने कहा कि वे दिग्विजय सिंह से मिलकर अनुरोध करने आए हैं कि उनकी रक्षा की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें और परेशान किया गया तो वे आत्मदाह करने को मजबूर हो जाएंगे। मामले पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भी शासन और प्रशासन को घेरा है। उन्होंने सीएम मोहन यादव से पूछा कि क्या राज्य सरकार ने नरोत्तम मिश्रा को अन्याय और अत्याचार करने की खुली छूट दे रखी है?

बता दें कि इससे पहले रघुबर भार्गव के पोते हिमांशु भार्गव ने दतिया पुलिस पर आरोप लगाया था कि सीएम हेल्पलाइन पर उनकी नरोत्तम मिश्रा व उनके पुत्र से जान को खतरा होने की शिकायत बिना उनकी सहमती के वापस लेने की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई। इसके बाद दतिया जिले के उनके ग्राम मढ़गांव में तहसील का अमला रघुबर भार्गव के मकान की नापतोल करने भेज दिया गया। इसके बाद से उन्हें घर तोड़ने की धमकी दी जा रही है।