मप्र के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, 31 मार्च तक बढ़ी दो दिन की वीकेंड व्यवस्था

सामान्य प्रशासन विभाग ने शनिवार और रविवार की छुट्टी 31 मार्च तक बढ़ाने का आदेश किया जारी, कोरोना की तीसरी लहर की आंशका के चलते लिया फैसला

Updated: Oct 22, 2021, 04:58 PM IST

Photo Courtesy: Amar ujala
Photo Courtesy: Amar ujala

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार राज्य के सरकारी कर्मचारियों को खुश करने में जुटी है। पहले कर्मचारियों के लिए 8 प्रतिशत DA की घोषणा की गई और उसके दूसरे दिन शनिवार की छुट्टी को लेकर बड़ा फैसला किया। सरकार ने 5 डेज वीक व्यवस्था को 31 मार्च 2022 तक बढ़ाने का फैसला किया है। जिसका आदेश मध्यप्रदेश सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी कर दिया गया है। GAD की ओर से जारी आदेश के अनुसार अब सभी सरकारी दफ्तरों में शनिवार-रविवार को छुट्टी होगी। वहीं दफ्तर सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुलेंगे।

दरअसल कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से यह फैसला लिया गया था। 22 जुलाई 2021 से 5 दिन ही कार्यालय खुल रहे थे। इस आदेश को 31 अक्टूबर 2021 तक के लिए आगे बढ़ा दिया गया था। अब प्रशासन की ओर से आदेश जारी कर इसे 31 मार्च 2022 तक के लिए बढ़ा दिया गया है।

प्रशासन के इस फैसले से सरकारी दफ्तरों में छुट्टियों की संख्या एक बार फिर बढ़ गई है। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि कोरोना की तीसरी लहर की आशंका की वजह से सरकार ने कर्मचारियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह व्यवस्था लागू की थी।

और पढ़ें: उपचुनाव से पहले शिवराज सरकार ने बढ़ाया DA, कमलनाथ बोले- हमारे फैसले को 19 माह तक रोके रखा

इससे पहले दफ्तरों में 33 प्रतिशत और 50 प्रतिशत उपस्थिति की व्यवस्था लागू की गई थी। जिससे कोरोना संक्रमण में कमी लाई जा सके।