पेट्रोल और डीजल पर टैक्स में कमी कर 10 रुपए प्रति लीटर की राहत दे राज्य सरकार: कमलनाथ
कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश के नागरिक पेट्रोल पर 30 रुपए से अधिक और डीजल पर 20 रुपए से अधिक टैक्स के रूप में राज्य सरकार को दे रहे हैं। इस टैक्स का अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से कोई संबंध नहीं है।
भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताई है। कांग्रेस नेता ने मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती की मांग की है। पूर्व सीएम ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नागरिकों से अत्यधिक टैक्स वसूला जा रहा है।
कमलनाथ ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि एक हफ़्ते के भीतर पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में दुबारा वृद्धि की गई है। पेट्रोल और डीजल आज मंगलवार से 90 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। सरकार पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में वृद्धि के पीछे अंतरराष्ट्रीय कारण बता रही है। लेकिन सचाई यह है कि मध्य प्रदेश की जनता के लिए बाहरी कारणों की तुलना में राज्य सरकार के टैक्स कीमत वृद्धि का सबसे बड़ा कारण है।
कमलनाथ ने आगे कहा कि मध्य प्रदेश में उत्तर प्रदेश की तुलना में पेट्रोल की कीमत औसतन 13 रुपए और डीजल की कीमत 4 रुपए प्रति लीटर अधिक है। मध्य प्रदेश सरकार पेट्रोल पर 29 % वैट + 2.5 रुपए + 1% सेस ले रही है, वहीं डीजल पर मध्य प्रदेश सरकार 19 % वैट + 1.5 रुपए + 1% सेस ले रही है। स्पष्ट है कि मध्य प्रदेश के नागरिक पेट्रोल पर 30 रुपए से अधिक और डीजल पर 20 रुपए से अधिक टैक्स के रूप में राज्य सरकार को दे रहे हैं। इस टैक्स का अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से कोई संबंध नहीं है।
कमलनाथ ने कहा कि इसी कारण भोपाल में एक लीटर पेट्रोल 110.75 रुपए और डीजल 95.91 रुपए का हो गया है। इंदौर-जबलपुर में प्रति लीटर पेट्रोल के नए रेट 110.79 रुपए, ग्वालियर में 110.69 रुपए और उज्जैन में 111.27 रुपए हो गए हैं। वहीं, उज्जैन में डीजल 96.40 रुपए में मिलेगा। यह भोपाल में 95.91 रुपए, इंदौर में 95.97 रुपए, जबलपुर में 95.98 रुपए और ग्वालियर में 95.86 रुपए प्रति लीटर में मिलेगा।
कमलनाथ ने मांग करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश सरकार तत्काल इस टैक्स में कटौती करे ताकि मध्य प्रदेश की जनता को सबसे महँगा डीजल और पेट्रोल नहीं ख़रीद पड़े। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार तत्काल डीजल और पेट्रोल की कीमतों में 10 रुपए प्रति लीटर की कमी करे। टैक्स कम करने से ना सिर्फ़ जनता को फ़ायदा होगा बल्कि सरकार को भी नुकसान नहीं होगा। कमलनाथ ने यह भी कहा कि डीजल महँगा होने की वजह से ट्रक और अन्य भारी वाहन प्रदेश की तुलना में अन्य राज्यों से तेल भरवाना बेहतर समझ रहे हैं। इसके अलावा सीमावर्ती जिला के लोग अन्य प्रदेश से ईंधन ले रहे हैं। इससे मध्य प्रदेश को राजस्व नुकसान हो रहा है।




