ग्वालियर के कथित रेड लाइट एरिया में छापेमारी, 6 नाबालिग लड़कियों को उठा ले गई पुलिस

ग्वालियर के रेड लाइट एरिया बदनापुरा गांव में कथित रूप से देह व्यापार चलाया जा रहा था, पुलिस ने गांव में सभी घरों में तलाशी ली और 6 लड़कियों को अपने साथ ले गए, परिजनों की आपत्ति पर तीन को छोड़ा

Updated: Oct 02, 2022, 09:13 AM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बदनापुर गांव में कथित रूप से देह व्यापार का कारोबार शुरू था। रविवार सुबह पुलिस ने यहां सर्च ऑपरेशन सर्च चलाया और 6 नाबालिग लड़कियों को अपने साथ ले गई। बाद में डॉक्यूमेंट दिखाने पर पुलिस ने 3 छोड़ दिया, जबकि बाकी 3 लड़कियों का पुलिस कोई रिकॉर्ड नहीं ढूंढ पाई है।

दरअसल, मुरैना-ग्वालियर बॉर्डर पर शहर के पुरानी छावनी इलाके में स्थित बदनापुर गांव लड़कियों की खरीद-फरोख्त के लिए बदनाम है। हाल ही में मुरैना के आश्रम से गायब नाबालिग की लोकेशन यहां मिली थी। इस पर मुरैना पुलिस दबिश देने पहुंची, तो गांव के लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया था। लेकिन, इस बार पुलिस ने पूरी तैयारी के साथ बदनापुरा में छापा मारा। ये इस इलाके में अब तक का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन है।

सैंकड़ों की संख्या में आए पुलिसकर्मियों ने एक साथ यहां धावा बोल दिया। पुलिसकर्मियों ने सभी घरों की तलाशी ली। यहां से 6 लड़कियों को पुलिस साथ ले गई। इनकी उम्र 10 से 16 साल के बीच थी। बदनापुरा के चार घरों से पुलिस ने 6 नाबालिग लड़कियों को बरामद किया। दो युवकों को भी गिरफ्तार किया है। एक युवक पुलिस के हाथ से निकल गया।

हालांकि, बदनापुर के पार्षद पीसी शर्मा ने इसका विरोध जताया। शर्मा ने कहा कि पुलिस ने आज तड़के कार्रवाई की है। 10 से 12 लोगों को उठाया है, लेकिन बता नहीं रहे हैं कि उनका क्या आरोप है। बताया जा रहा है कि पकड़ी गई 6 लड़कियों को जब पुलिस थाने ले आई और महिला पुलिस अफसर उनकी काउंसिलिंग कर रही थीं, तो पता लगा कि उनमें से 3 लड़कियां बदनापुर की हैं। बाद में उनके परिजन भी दावा करने थाने पहुंच गए। लेकिन, तीन अन्य लड़कियों को कोई रिकॉर्ड नहीं मिल रहा है। उनके संबंध में पुलिस पूछताछ कर रही है।