इंदौर, जबलपुर, होशंगाबाद और शहडोल में मानसून की दस्तक, भोपाल में भी हुई जमकर मानसूनी बारिश

राजधानी भोपाल में मानसून ने आते ही लगाई बूंदों की झड़ी एक घंटे में हुई 1 इंच बारिश, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए 11 जिलों में भारी बारिश को लेकर आरेंज अलर्ट किया

Updated: Jun 11, 2021, 01:44 PM IST

Photo courtesy: Free Press Journal
Photo courtesy: Free Press Journal

 

भोपाल। आखिरकार राजधानी भोपाल में भी मानसून ने आमद दर्ज करा दी है। शुक्रवार दोपहर बाद भोपाल में जमकर मानसूनी बारिश हुई। शहर में एक घंटे में करीब 1 इंच पानी बरसा। वहीं इंदौर, जबलपुर, होशंगाबाद और शहडोल, रीवा में मानसून पहुंच चुका है। शुक्रवार प्रदेश के कई जिलों में जमकर बारिश हुई। इस दौरान तेज आंधी भी चली। जिससे सड़क पर वाहन चलाने वालों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। मध्यप्रदेश में सात दिनों पहले ही मानसून ने दस्तक दे दी है। बैतूल के मुलताई और आमला में गुरुवार को जमकर मानसूनी बादल बरसे थे। वहीं बालाघाट, छिंदवाड़ा, रीवा, सतना, भोपाल, शहडोल में भी बारिश हुई थी।

मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए 11 जिलों में अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं दो दर्जन से ज्यादा जिलों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 2013 में भी प्रदेश में मानसून 10 जून को पहुंच गया था। अब 8 साल बाद एक बार फिर मानसून सप्ताह भर पहले प्रदेश में दस्तक दे चुका है। माना जा रहा है कि भोपाल में हो रही इस बारिश के बाद चंद दिनों में ही मानसूनी बारिश भी होगी।

मौसम विशेषज्ञों की मानें तो बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बना है। जिससे प्रदेश के बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों के साथ-साथ रीवा, सतना, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा अनूपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी-मंडला, नरसिंहपुर, बालाघाट, सागर, सीहोर, होशंगाबाद, बैतूल, देवास में बारिश के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में भारी बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं भोपाल, उज्जैन, सागर, ग्वालियर- चंबल संभाग के जिलों के साथ-साथ खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, पन्ना, दमोह धार, इंदौर, उज्जैन, होशंगाबाद, सीधी, सिंगरौली, जिला में येलो अलर्ट जारी किया है। इनजिलों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और आंधी आने की संभावना है।

बारिश की वजह से भोपाल के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिले का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं प्रदेश में मानसून की दस्तक के बाद भी राज्य के कुछ जिलों में गर्मी पड़ रही है। श्योपुर और शिवपुरी में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री रहा। वहीं गुना 41.8 डिग्री, राजगढ़ 40 डिग्री, दतिया 40.9 डिग्री, नौगांव 40.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। ग्वालियर और टीकमगढ़ में भी गर्मी पड़ रही है।मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से में एक जून से 11 जून की सुबह तक लगभग दो इंच बारिश हो चुकी है।