रानी बाटड बनीं मैहर की पहली कलेक्टर, अजय देव शर्मा को पांढुर्णा जिले की कमान

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले सरकार ने दो जिलों में कलेक्टर की नियु्क्ति कर दी है। राज्य के दो नए जिले मैहर और पांढुर्णा में में कलेक्टर नियुक्त किए गए हैं।

Updated: Oct 06, 2023, 04:56 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश शासन ने नवगठित जिले मैहर और पांढुर्णा के पहले कलेक्टरों की पोस्टिंग के आदेश जारी कर दिए हैं। 2014 बैच की आईएएस अधिकारी एवं अपर आयुक्त राजस्व शहडोल संभाग रानी बाटड को मैहर जिला की पहली कलेक्टर बनाया गया है। इसी तरह राज्य प्रशासन सेवा से प्रमोट होकर आईएएस बने अजयदेव शर्मा को पांढुर्णा का पहला कलेक्टर नियुक्त किया गया है। देर शाम दोनों को आदेश जारी कर संबंधित जिलों से लीव भी कर दिया गया है।

गुरुवार सुबह ही मैहर और पांढुर्णा को जिला बनाने का नोटफिकेशन शासन द्वारा जारी किया गया था और शाम को दोनों नए जिलों के पहले कलेक्टरों की पोस्टिंग के आदेश भी जारी कर दिए गए। आदेश के अनुसार दोनों कलेक्टरों को तत्काल प्रभाव से इन नए जिलों को ज्वॉइन करना है। यह आदेश इतनी जल्दी इसलिए जारी किए गए, क्योंकि अब कभी भी आचार संहित लगने के आदेश भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए जा सकते हैं। इसे देखते हुए शिवराज सरकार ने ये तेजी दिखाई है।

और पढ़े: MP में आज से हड़ताल पर जाएंगे 70 हजार बिजली कर्मचारी, काम रोकने पर सरकार ने लगाया एस्मा

रानी बाटड 2014 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। वहीं, राहुल देव शर्मा भी 2014 बैच के अधिकारी हैं। दो अन्य अधिकारियों के भी ट्रांसफर किए गए हैं। उज्जैन जिले में अपर कलेक्टर 2015 बैच की आईएएस अधिकारी मृणाल मीना को उज्जैन में ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। 2016 बैच की आईएएस प्रीति यादव को उज्जैन जिले में अपर कलेक्टर पद पर पदस्थ किया गया है।

पांढुर्णा जिले में कलेक्टर भवन सज कर तैयार हो गया है। छिंदवाड़ा जिले की पांढुर्णा और सौंसर तहसील को मिलाकर नया जिला बनाया गया है। सीएम शिवराज ने हाल ही में इसकी घोषणा की थी। वहीं, मैहर को सतना जिले से अलग करके बनाया गया है। लंबे समय से मैहर को जिला बनाने की मांग की जा रही थी। मैहर मां शारदा की नगरी के नाम से भी प्रसिद्ध है।

और पढ़े: न पीएम आवास मिला, न लाडली बहना योजना का लाभ, मदद की आस लिए भोपाल पहुंचीं आदिवासी महिलाएं