नए साल के पहले दिन MP में कड़ाके की ठंड, भोपाल में घना कोहरा, 15 जनवरी तक शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग की मानें तो 15 जनवरी तक भोपाल में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। शीतलहर और कोल्ड-डे की स्थिति भी बनी रहेगी।

Updated: Jan 01, 2025, 03:42 PM IST

भोपाल। नए साल के पहले दिन मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भोपाल और उज्जैन में घना कोहरा छाया है। भोपाल में विजिबिलिटी 100 मीटर है। भोपाल में साल 2024 का नवंबर-दिसंबर महीना कड़ाके की ठंड वाला रहा है। नवंबर में ठंड 36 और दिसंबर में 58 साल का रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। ऐसा ही मौसम जनवरी में भी रहेगा।

मौसम विभाग की मानें तो 15 जनवरी तक भोपाल में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। शीतलहर और कोल्ड-डे की स्थिति भी बनी रहेगी। उत्तरी हिस्से यानी, ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग के जिलों में कोल्ड-डे की स्थिति बनेगी। शुरुआती 3 दिन प्रदेश के आधे हिस्से में कोहरा रहेगा। कुछ जिलों में शीतलहर भी चलेगी।

मध्य प्रदेश में मंगलवार रात में राजगढ़ सबसे ठंडा रहा। यहां पारा 5.6 डिग्री दर्ज किया गया। मंडला में 6.7 डिग्री, टीकमगढ़ में 8.2 डिग्री, पचमढ़ी में 8.5 डिग्री, नरसिंहपुर में 8.8 डिग्री, नौगांव में 9 डिग्री, रायसेन में 9.1 डिग्री, गुना में 9.3 डिग्री, उमरिया में 9.6 डिग्री, मलाजखंड में 9.7 डिग्री दर्ज किया गया।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की एक्टिविटी के चलते दिसंबर के आखिरी दिनों में बारिश और ओले का दौर रहा। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन समेत 45 से अधिक जिलों में बारिश हुई। वहीं, 20 जिले ऐसे रहे, जहां ओले भी गिरे। बारिश का दौर खत्म होते ही ठंड का असर बढ़ गया। ऐसा मौसम जनवरी में पूरे महीने ही बना रहेगा। इससे पहले साल 2024 की आखिरी रात भी ठंडी रही।

जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख में बर्फबारी हो रही है। आने वाले दिनों में बर्फ पिघलेगी। जिससे उत्तरी हवा चलेगी और मध्य प्रदेश में ठंड का असर बढ़ जाएगा। इस कारण जनवरी में प्रदेश का मौसम ठंडा ही रहेगा।