रतलाम में दिखा रफ्तार का कहर, खाई में गिरी तेज रफ्तार कार, 15 साल के बच्चे सहित पांच की मौत
रतलाम में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार XUV 700 खाई में गिरने से 15 वर्षीय बच्चे सहित पांच लोगों की मौत हो गई। ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ। कार की स्पीड 150 kmph दर्ज की गई थी। सभी मृतक मुंबई और वडोदरा के रहने वाले थे।
रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ जिसमें महिंद्रा XUV 700 बेकाबू होकर खाई में गिर गई। रावटी थाना क्षेत्र के भीमपुरा गांव के पास माही नदी ब्रिज से ठीक पहले हुई इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में 15 वर्षीय किशोर और 60 वर्षीय बुजुर्ग भी शामिल हैं। पूरा हादसा पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है।
हादसा सुबह करीब 7:30 बजे दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ जब MH03 EL 1388 नंबर की कार रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गई। कार में सवार पांचों लोग दिल्ली से मुंबई जा रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया था। हादसे का शिकार हुए लोगों में चार मुंबई के निवासी थे। जबकि, एक सवारी गुजरात के वडोदरा का रहने वाला था। सभी शवों को रतलाम मेडिकल कॉलेज में रखवाया गया है।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के डायरेक्टर संदीप पाटीदार के अनुसार, दुर्घटना स्थल से मात्र 10 फीट की दूरी पर लगी स्पीड गन ने कार की रफ्तार लगभग 150 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की थी। इतनी तेज गति में झपकी लगना वाहन पर नियंत्रण खोने के लिए पर्याप्त साबित हुआ और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी जिससे कार में सवार सभी यात्रियों की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें:भोपाल में 78वां आलमी तबलीगी इज्तिमा शुरू, 12 लाख से अधिक जायरीन होंगे शामिल
हादसे में जिन लोगों की जान गई, उनमें वडोदरा निवासी दानिश उस्मान चौधरी, मुंबई के गुलाम रसूल चौधरी (70), खालिद गुलाम चौधरी, 15 वर्षीय गुलाम मोइद्दीन चौधरी और कार चला रहा दुराज (35) शामिल थे। रावटी थाने के सब इंस्पेक्टर प्रेम सिंह हटीला ने बताया कि पांचों यात्रियों की मौत मौके पर ही हो गई थी। रावटी तहसीलदार वंदना किराड़े ने कहा कि मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। तीन लोगों के परिजन रास्ते में हैं और रतलाम पहुंचने के बाद ही सभी की पहचान औपचारिक रूप से सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़ें:दिल्ली ब्लास्ट केस में बड़ा खुलासा, 32 कारों से 6 दिसंबर को थी बड़े हमले की तैयारी




