मध्य प्रदेश में गर्मी का आग़ाज़, खरगोन, दमोह में पारा 39 डिग्री तक उछला

मार्च के पहले हफ्ते में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, रविवार रहा मौसम का सबसे गर्म दिन भोपाल में 4.8 डिग्री की बढ़त के साथ 37.4 डिग्री रहा तापमान, 12 मार्च के बाद होगा मौसम में बदलाव, बारिश की चेतावनी

Updated: Mar 08, 2021, 08:48 AM IST

Photo courtesy: skymet
Photo courtesy: skymet

भोपाल। होली से पहले ही गर्मी ने अपनी रंगत दिखाना शुरु कर दिया है। प्रदेश के जबलपुर, होशंगाबाद, उज्जैन संभाग में सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ रही है। सबसे ज्यादा तापमान खरगोन और दमोह में दर्ज किया गया। इन दोनों जिलों में 39 डिग्री तापमान रहा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यही हाल मध्य प्रदेश के ग्वालियर, नीमच, दतिया जिलों में हैं, यहां भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। लोगों को दिन में तेज गर्मी सहना पड़ रही है।

रात में भी तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है। वहीं मार्च के पहले सप्ताह में ही भोपाल में पारा सामान्य से 4.8 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है। रविवार को भोपाल में 37.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो इस गर्मी से फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले 12 मार्च के बाद मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। ये गर्मी अगले 5-6 दिन ऐसे भी बनी रहने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है, जिसका असर मंगलवार से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में देखने को मिलेगा। जिसके कारण 11-12 मार्च के आसपास प्रदेश के कई संभागों में बारिश और आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के तापमान में थोड़ी गिरावट देखी जा सकेगी।