MP में विधायक पुत्र के बंगले पर नौकरानी की संदिग्ध मौत, बगीचे में पेड़ से लटका मिला शव
खरगापुर से कांग्रेस विधायक चंदा गौर के बेटे अभियंत गौर उर्फ टीटू के छतरपुर स्थित घर पर नौकरानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

टीकमगढ़। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की एक विधायक के बेटे के घर से एक लड़की का शव मिला है। बताया जा रहा है कि टीकमगढ़ जिले की खरगापुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक चंदा सिंह गौर के बेटे अभियंत सिंह गौर छतरपुर शहर के सनसिटी कॉलोनी में रहते हैं। यहां उनके बंगले पर एक 20 साल की लड़की का शव मिला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बंगले के पीछे बाले हिस्से में आम के पेड़ से लड़की शव लटका मिला, मृतक युवती के चेहरे पर चोट के निशान भी मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, सपना का शव सोमवार सुबह करीब 5:20 बजे घर के पिछले हिस्से में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल भिजवाया गया। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले में कांग्रेस विधायक के बेटे अभियंत सिंह गौर से सवाल किए गए तो उनका कहना था की घटना के समय मैं जिला मुख्यालय से बाहर दिल्ली गया हुआ था। पत्नी ने मुझे फोन पर इसकी जानकारी दी थी, जिसके बाद वह अगले दिन घर पहुंचे।
अभियंत सिंह गौर का कहना है कि लड़की ने यह कदम क्यों उठाया यह समझ से परे है। वह मेरी नौकरानी नहीं बल्कि बेटी की तरह ही हमारे घर में रह रही थी, जब वह पांच साल की थी। उन्होंने कहा कि हम लोग उसकी शादी के लिए रिश्ता भी ढूंढ रहे थे। बताया जा रहा है कि लड़की का परिवार यूपी का रहने वाला है।
सूचना के बाद पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है, साथ ही सपना का मोबाइल भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी में युवती को घटना स्थल की ओर जाते देखा गया है, हालांकि इसके आगे क्या हुआ, यह स्पष्ट नहीं किया गया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।