ट्विशा के पति समर्थ को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया, कल दिल्ली AIIMS की टीम दोबारा पोस्टमॉर्टम करेगी

कोर्ट ने समर्थ की 7 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली। वहीं, ट्विशा के परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन पर कोर्ट ने समर्थ का पासपोर्ट जब्त करने के भी आदेश दिए हैं।

Updated: May 23, 2026, 05:47 PM IST

भोपाल। ट्विशा शर्मा की मौत मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को लेकर पुलिस ने 7 दिन की पुलिस रिमांड मांगी थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। साथ ही ट्विशा के परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन पर कोर्ट ने समर्थ का पासपोर्ट जब्त करने के भी आदेश दिए हैं।

कोर्ट रूम में सुनवाई के दौरान ट्विशा का भाई हर्षित भी पहुंचा। हर्षित और समर्थ के बीच पुलिस ने सुरक्षित दूरी बना के रखी थी। आरोपी समर्थ सिंह के वकील ने कहा, पुलिस ने सात दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन हमने माननीय जज से अपील की थी कि अब पुलिस के पास बहुत कुछ बचा नहीं है, इसलिए उसको एक दिन की पुलिस कस्टडी देनी चाहिए, लेकिन कोर्ट ने सात दिन की पुलिस कस्टडी दी है। हम इसका स्वागत करते हैं और जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे।

वहीं, ट्विशा के भाई हर्षित राणा ने कहा, हम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं कि सात दिन की पुलिस रिमांड मिली। अब हम चाहते हैं कि इस विंडो में सीबीआई आए और इन्वेस्टीगेशन को टेक ओवर करे। हर्षित राणा ने कहा कि आज जब कोर्ट रूम में समर्थ आया तो उसके चेहरे पर पत्नी के जाने का कोई दुख नहीं दिखा। वो हंस रहा था।

इससे पहले शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे पुलिस समर्थ को जबलपुर से भोपाल लेकर पहुंची थी। उसे कटारा हिल्स थाने में रखा गया। थाने के बाहर बैरिकेडिंग कर फोर्स तैनात रही। कोर्ट में पेश करने से पहले पुलिस ने भोपाल के जेपी हॉस्पिटल में उसका मेडिकल टेस्ट भी कराया।

मध्य प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने रविवार को पोस्टमॉर्टम कराने का अनुरोध किया है। कोर्ट ने AIIMS दिल्ली के निदेशक को मेडिकल बोर्ड गठित करने की अनुमति दी थी। इसके बाद AIIMS के फोरेंसिक विभाग प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने निदेशक की मंजूरी से चार वरिष्ठ डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड बनाया है, जो पोस्टमॉर्टम करेगा। टीम अत्याधुनिक उपकरणों के साथ आज शाम 6 बजे राज्य सरकार के चार्टर्ड विमान से रवाना होगी और रात तक भोपाल पहुंचेगी।