विकास यात्रा एक नौटंकी, लोग गंदा पानी पीने के लिए मजबूर, कांग्रेस ने नगर निगम मुख्यालय पर किया प्रदर्शन

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में गंदे पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया, साथ ही इस बीजेपी की इस विकास यात्रा को नौटंकी बताया।

Updated: Feb 14, 2023, 01:51 PM IST

ग्वालियर। ग्वालियर के नगर निगम मुख्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई थी। तो वहीं कांग्रेस के कार्यकर्ता इलाके में गंदे पानी की समस्या को लेकर निगम कार्यालय पहुंचे थे। मुख्यालय में किसी अधिकारी की मौजूदगी ना होने पर कार्यकर्ता आवेश में आ गए और निगम मुख्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और  बीजेपी की इस विकास यात्रा को नौटंकी बताया। 

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा  ग्वालियर विधानसभा के क्षेत्रीय लोगों के साथ नगर निगम मुख्यालय पहुंचे, उन्होंने कहा कि आज ग्वालियर विधानसभा के लोग अंधकार में जी रहे हैं, सीवर उफन रहे हैं, लोगों को गंदा पानी पीने के लिए मिल रहा है लेकिन किसी को चिंता नहीं है। ना सरकार को और ना ही प्रशासन को।

उन्होंने कहा कि ग्वालियर विधानसभा के विधायक प्रद्युम्न सिंह तोमर ऊर्जा मंत्री हैं वो बातें बड़ी बड़ी करते हैं लेकिन ये हकीकत है। कांग्रेस नेता ने कहा कि आज जब जन सुनवाई में आये तो यहाँ कोई जिम्मेदार अधिकारी ही नहीं मिला तो हमें मज़बूरी में धरना प्रदर्शन करना पड़ा।

भाजपा सरकार विकास यात्रा निकाल रही है, ये विकास यात्रा नहीं नौटंकी यात्रा है, जनता के साथ धोखा यात्रा है। जब सरकार के मंत्री के क्षेत्र में ही जनता को गंदा पानी पीने के लिए मिले तो ये कैसा विकास है, उन्होंने कहा कि चुनावों में जनता इसका जवाब जरुर देगी। कांग्रेस नेताओ ने आक्रोशित होकर निगम मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की।