हर कदम पर हमें आपका साथ मिला, आप हमेशा हमारी स्मृतियों में रहेंगे, MP की जनता के नाम राहुल गांधी का संदेश

बुरहानपुर और इंदौर की सड़कों पर हौसला अफजाई करता हुआ जनसैलाब तथा उज्जैन की जनसभा में शामिल होने आए लाखों लोग हमेशा हमारी स्मृतियों में रहेंगे: राहुल गांधी

Updated: Dec 04, 2022, 05:15 PM IST

आगर। मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का 12 दिन का सफर समाप्त हो गया है। यात्रा आगर जिले से होते राजस्थान में प्रवेश कर चुकी है। पिछले 12 दिनों में मध्य प्रदेश के लोगों का स्नेह पाकर राहुल गांधी अभिभूत दिखे। उन्होंने एमपी की जनता के नाम संदेश में लिखा कि आप हमेशा हमारी स्मृतियों में रहेंगे।

राहुल गांधी ने अपने संदेश में लिखा कि, 'भारत जोड़ो यात्रा 12 दिनों तक मध्य प्रदेश की धरा पर चली है। राज्य में बुरहानपुर जिले से प्रवेश कर हम आगर मालवा से प्रस्थान कर रहे हैं। इस दौरान हमने सतपुड़ा और विंध्य के पहाड़ों को, ताप्ती और नर्मदा नदियों को पार किया। खेतों, गाँव और शहरों से होकर गुजरे और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यात्रा के हर कदम पर हमें मध्य प्रदेश के लोगों का ज़बरदस्त समर्थन मिला।' 

राहुल गांधी ने आगे लिखा कि, 'समाज के हर तबके के लाखों लोग नौजवान, महिलाएँ, किसान, मजदूर- सुबह की ठंड और गड्ढों से भरी सड़कों की परवाह किए बिना हमारे साथ कदम से कदम मिला कर चले। बुरहानपुर और इंदौर की सड़कों पर हौसला अफजाई करता हुआ जनसैलाब तथा उज्जैन की जनसभा में शामिल होने आए लाखों लोग हमेशा हमारी स्मृतियों में रहेंगे। हम मध्य प्रदेश की जनता के स्नेह और यात्रा में उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए आभारी हैं।'

राहुल ने लिखा कि, 'मध्य प्रदेश में यात्रा के दौरान हमने उन संस्कृतियों का भी अनुभव किया जो इस राज्य को भारत की समृद्ध विविधता का प्रतिबिंब बनाती हैं। हमने श्री ओंकारेश्वर और श्री महाकालेश्वर के ज्योतिर्लिंगों के साथ-साथ श्री महावीर तपोभूमि में आशीर्वाद प्राप्त किया। टंट्या भील जी और बाबासाहेब डॉ. अम्बेडकर जी के योगदान को विनम्र श्रद्धांजली अर्पित की। हम मध्य प्रदेश की पारंपरिक कथाओं एवं मालवी कबीर भजनों को सुनते हुए चले।'

राहुल लिखते हैं कि, 'मध्य प्रदेश के लोगों के सामने कई गंभीर चुनौतियां हैं। अन्य राज्यों की तरह यहां के किसान को भी बढ़ती लागत, घटती आमद, अनिश्चित कीमतों, बिजली की समस्या और सरकार की असंवेदनशील नीतियों के कारण अपना गुजारा करने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। मध्य प्रदेश के युवा कड़ी मेहनत और त्याग के बावजूद अपने बेहतर भविष्य की उम्मीद खोते जा रहे हैं।'

राहुल ने आगे लिखा कि, 'शिक्षित बेरोज़गार युवा प्रदर्शन कर रहे हैं, मेडिकल छात्र हड़ताल पर हैं। सरकारी भर्तियां रुकी हुई हैं और इनमें भ्रष्टाचार चरम पर है। विरोध करने वाले युवाओं की आवाज़ दबा दी जाती है। छोटे व्यवसायी जो हमारे देश की समृद्धि की रीढ़ हैं, मूर्खतापूर्ण तरीके से बनाए और लागू किए GST, कोरोना कुप्रबंधन और नोटबंदी की मार से अभी तक उबर नहीं पाए हैं। आदिवासी, जो हमारे देश के मूल निवासी हैं, अपने अधिकारों की गारंटी देने वाले कानूनों के लगातार कमजोर किए जाने के कारण संघर्ष कर रहे हैं।' 

उन्होंने आखिर में लिखा कि, 'मध्य प्रदेश की जनता ने इन चुनौतियों को हल करने के लिए कांग्रेस पर जो विश्वास जताया था उसके साथ विश्वासघात किया गया। ठीक वैसे ही जैसे कि देश भर में संविधानिक मूल्यों पर हमला किया जा रहा है। 26 नवंबर को बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर की जन्मस्थली महू में हमने संविधान की रक्षा करने का संकल्प लिया है। मैं मध्य प्रदेश की जनता के सामने उस प्रतिज्ञा को दोहराता हूं और वादा करता हूं कि जल्द ही वो दिन आएगा जब हम आपके हर उस भरोसे पर खरा उतरेंगे जो आपने कांग्रेस में जताया था।'