33 सालों का इंतजार खत्म, किंग खान को जवान फिल्म के लिए मिला पहला राष्ट्रीय पुरस्कार
शाहरुख खान ने 33 साल लंबे करियर में पहली बार नेशनल अवॉर्ड जीता। उन्हें फिल्म जवान (2023) के लिए बेस्ट एक्टर का सम्मान राष्ट्रपति भवन में मिला। इससे पहले वे कई फिल्मफेयर और पद्मश्री हासिल कर चुके हैं।

नई दिल्ली। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने आखिरकार वो कर दिखाया जिसका इंतज़ार उनके चाहने वाले सालों से कर रहे थे। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उन्हें फिल्म जवान के लिए बेस्ट एक्टर क लिए नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया। खास बात यह है कि 33 साल लंबे करियर में ये उनका पहला नेशनल अवॉर्ड है। फैंस के लिए यह पल किसी जश्न से कम नहीं, क्योंकि किंग खान को इतने सालों में पहली बार ये सम्मान मिलते देख हर कोई गर्व महसूस कर रहा है।
करियर का नया मुकाम
शाहरुख ने अपने करियर में अब तक अनगिनत हिट फिल्में दी हैं और फिल्मफेयर जैसे बड़े अवॉर्ड्स कई बार अपने नाम किए हैं। इससे पहले उन्हें देश के चौथे सर्वोच्च पुरस्कार पद्मश्री से भी सम्मानित किया जा चुका है। लेकिन यह नेशनल अवॉर्ड उनके करियर की उपलब्धियों को एक नई ऊंचाई देता है। यह न सिर्फ उनकी मेहनत और जुनून की पहचान है, बल्कि दर्शकों से उनके गहरे रिश्ते का भी सबूत है।
‘किंग खान’ की अगली फिल्म पर नज़र
अब हर किसी की निगाहें शाहरुख की अगली फिल्म किंग पर हैं, जिसकी शूटिंग उन्होंने दीपिका पादुकोण के साथ शुरू कर दी है। इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें उनकी बेटी सुहाना खान भी अहम रोल में नजर आएंगी। यानी पहली बार शाहरुख अपनी बेटी के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। इधर बेटे आर्यन खान की डेब्यू सीरीज भी ओटीटी पर रिलीज हो चुकी है, जिससे साफ है कि पूरा खान परिवार धीरे-धीरे फिल्मी दुनिया में अपनी छाप छोड़ रहा है।