अहमद पटेल की बेटी मुमताज़ सिद्दीकी का वीडियो संदेश, बोलीं, पापा के काम को आगे बढ़ाएंगे

मुमताज़ पटेल सिद्दीकी ने पिता के निधन के बाद वीडियो संदेश जारी किया, उनके राजनीति में आने के कयास लगाए जा रहे हैं

Updated: Nov 27, 2020, 10:28 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस के दिवंगत नेता अहमद पटेल की बेटी मुमताज़ पटेल सिद्दीकी ने एक वीडियो संदेश जारी किया है। मुमताज़ पटेल ने अपने वीडियो संदेश में इस मुश्किल घड़ी में परिवार के साथ बने रहने के लिए तमाम शुभचिंतकों का आभार जताया है। साथ ही मुमताज़ ने यह भी कहा है कि हम सब मिलकर पापा के दिखाए रास्ते पर चलेंगे और उनके काम को आगे बढ़ाएंगे।  

यह भी पढ़ें : अहमद पटेल के निधन पर कांग्रेस कार्यालयों पर पार्टी का झंडा 3 दिन तक आधा झुका रहेगा

मुमताज़ पटेल ने वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा, 'पापा नहीं रहे, बहुत मुश्किल हो रही है यकीन करते हुए, पर ऊपर वाले की मर्जी के सामने हम बेबस हैं।' मुमताज ने आगे कहा,'पापा हमेशा कहते थे, सबको साथ लेकर चलना, जिसकी मदद हो सके करना। हम कोशिश करेंगे कि जरूर उनके बताए हुए रास्ते, आदर्श और सिद्धांतों पर चलें।' बता दें कि अहमद पटेल के निधन के बाद उनकी बेटी मुमताज़ पटेल के राजनीति में उतरने के कयास लगाए जा रहे हैं। 

यह भी पढ़ें : मनमोहन सिंह ने अहमद पटेल की पत्नी को पत्र लिखकर शोक ज़ाहिर किया 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का बुधवार सुबह इंतकाल हो गया। अहमद पटेल को कांग्रेस का चाणक्य माना जाना जाता था। अहमद पटेल सोनिया गांधी के सबसे भरोसेमंद माने जाते थे। उनके निधन के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा भी था कि उन्होंने अपने सबसे भरोसेमंद सहयोगी और दोस्त को खो दिया है।