उत्तराखंड के मोहम्मद दीपक से मिले राहुल गांधी, कोटद्वार जाकर लेंगे जिम की सदस्यता

राहुल गांधी ने उत्तराखंड के दीपक से मुलाकात की है। कांग्रेस ने इस मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि दीपक मोहब्बत की दुकान के योद्धा हैं, पूरे देश को इन पर गर्व है।

Updated: Feb 23, 2026, 05:27 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड वाले दीपक कुमार से मुलाकात की है। राहुल गांधी से मिलने के बाद कोटद्वार के दीपक ने कहा कि राहुल गांधी ने मुझे मिलने के लिए बुलाया था। उन्होंने मेरे परिवार से बात की और मुझे समझाया कि डरने की कोई जरूरत नहीं, आपने कोई गलत काम नहीं किया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ये भी कहा कि वे कोटद्वार आकर मुझसे मिलेंगे और मेरे जिम की मेंबरशिप लेंगे।

उत्तराखंड में मुस्लिम दुकानदार की मदद करने के बाद ‘मोहम्मद दीपक’ नाम से चर्चा में आए जिम संचालक दीपक कुमार ने राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात की है। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के आवास ‘10 जनपथ’ पर ये मुलाकात हुई। इस मुलाकात में कांग्रेस नेता वैभव वालिया, दीपक के दोस्त विजय रावत और कुछ अन्य लोग मौजूद थे। राहुल गांधी ने दीपक की मुलाकात सोनिया गांधी से भी करवाई और उनकी पत्नी से फोन पर बात भी की।

मुलाकात के बाद दीपक ने कहा कि राहुल गांधी ने मुझे बुलाया था। उन्होंने मुझे सोनिया गांधी से भी मिलवाया और मेरी पत्नी से फोन पर बात की। उन्होंने मुझसे कहा कि आपने अच्छा काम किया है और मैं कोटद्वार आकर आपकी जिम की सदस्यता लूंगा। राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में उनके साथ पदयात्रा करने वाले कांग्रेस नेता वैभव वालिया भी इस मौके पर मौजूद रहे।

वैभव वालिया ने कहा कि राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से देश भर में ‘मोहब्बत की दुकान’ खोलने का जो संदेश दिया था, मोहम्मद दीपक ने उसे ही आगे बढ़ाया है। हम राहुल गांधी के आभारी हैं कि उन्होंने इंसानियत और मोहब्बत के लिए खड़े होने वाले उत्तराखंड के एक नौजवान का सम्मान किया।

बता दें कि विगत 26 जनवरी को उत्तराखंड के कोटद्वार में कपड़ों की दुकान ‘बाबा’ का नाम बदलने के लिए दुकान मालिक वकील अहमद पर दबाव बनाने को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता दुकान के बाहर जमा हो गए थे। इसी दौरान अहमद के बेटे मोहम्मद शोएब के मित्र और 42 वर्षीय जिम मालिक दीपक कुमार ने बजरंग दल के इस रवैये का विरोध किया और कार्यकर्ताओं को वहां से हटने पर मजबूर कर दिया। इस कदम को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर दीपक को ‘भारत का हीरो’ बताया था।