सिक्किम के नाथुला में हिमस्खलन से भारी तबाही, 6 पर्यटकों की मौत और 150 लोगों के फंसे होने की खबर
हिमस्खलन के बाद गंगटोक को नाथू ला से जोड़ने वाले 15वें मील जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर बचाव अभियान जारी है। बर्फ में फंसे 30 पर्यटकों को रेस्क्यू भी किया गया है।

गुवाहाटी। सिक्किम के नाथुला में हिमस्खलन से भारी तबाही की खबर आ रही है। नाथूला बॉर्डर के पास पर्यटकों पर कुदरत का कहर टूटा है। नाथू ला पहाड़ी दर्रे में आज हिमस्खलन से आधा दर्जन पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 11 से अधिक घायल हो गए हैं। हिमस्खलन से प्रभावित इलाकों में करीब डेढ़ सौ लोगों के फंसे होने की आशंका है। उन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक गंगटोक को नाथुला से जोड़ने वाले जवाहरलाल नेहरू रोड पर 15वें मील पर मंगलवार को दोपहर में करीब 12 बजकर 20 मिनट पर हिमस्खलन हुआ। इससे घायल हुए छह लोगों ने नजदीकी सैन्य अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में चार पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है। पुलिया ने स्थानीय लोगों की मदद से इलाके में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है।
Six dead & many injured after #avalanche hit at 15 mile along the Jawaharlal Nehru (JN) road that connects #Gangtok with #Nathula Pass in #Sikkim.#Tsomgo pic.twitter.com/dEdWZ69aiz
— Arvind Chauhan (@Arv_Ind_Chauhan) April 4, 2023
सिक्किम पुलिस के अनुसार, 150 से अधिक पर्यटक अभी भी 15 मील से आगे फंसे हुए हैं। जबकि बर्फ में फंसे 30 पर्यटकों को बचा लिया गया है और उन्हें गंगटोक के एसटीएनएम अस्पताल और सेंट्रल रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर सिक्किम पुलिस, सिक्किम के ट्रैवल एजेंटों के एसोसिएशन, पर्यटन विभाग के अधिकारियों और वाहन चालकों द्वारा बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
#avalanche #sikkim Videos of the avalanche enroute to Natu La @thetribunechd pic.twitter.com/Nc1vwirreM
— Ajay Banerjee (@ajaynewsman) April 4, 2023
चेकपोस्ट के महानिरीक्षक सोनम तेनजिंग भूटिया के अनुसार पर्यटकों को केवल 13वें मील के लिए पास दिए जाते हैं, लेकिन पर्यटक बिना अनुमति के 15वें मील की ओर चले गए। यह घटना 15वें मील पर हुई। दरअसल, 15वां मील हिमस्खलन के लिहाज से खतरनाक माना जाता है। बता दें कि नाथुला दर्रा चीन से लगी सीमा पर स्थित है और यह अपनी मनोरम सुंदरता के कारण पर्यटकों के आकर्षण का एक बड़ा केंद्र है।