जम्मू कश्मीर में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण रोड ब्लॉक, कुछ घंटे में ही रुकी भारत जोड़ो यात्रा

जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन और भारी बारिश के कारण रोड ब्लॉक हो गई है। रोड ब्लॉक होने की वजह से कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण रद्द कर दिया है।

Updated: Jan 25, 2023, 07:14 AM IST

जम्मू कश्मीर। राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर है। यात्रा का आज 131वाँ दिन है। जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन और भारी बारिश के कारण रोड ब्लॉक हो गई है। रोड ब्लॉक होने की वजह से बुधवार को कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण रद्द कर दिया है। 

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने यात्रा स्थगित होने संबंधी जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि खराब मौसम और भूस्खलन की वजह से यात्रा को रोका गया है। 26 जनवरी को रेस्ट डे है। ऐसे में 27 को सुबह आठ बजे से यात्रा पुनः शुरू होगी।

बता दें कि कड़ी सुरक्षा और बारिश के बीच कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार को उधमपुर के मलाढ़ मोड़ से 10 किमी का सफर तय कर यात्रा रामबन पहुंची थी। बुधवार को रामबन में सुबह हो रही तेज बारिश के बाद यात्रा मार्ग में कई जगहों पर पानी भर गया था। बावजूद यात्रा जारी थी। इसी बीच कई जगहों से भूस्खलन की खबरें आने लगी और रोड भी ब्लॉक हो गए। नतीजतन यात्रा को कुछ घंटों में ही स्थगित करना पड़ा।

राहुल गांधी की यह भारत जोड़ो यात्रा अब अपने अंतिम चरण पर पहुंच चुकी है। कांग्रेस की यह यात्रा 7 सितम्बर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। इस यात्रा में राहुल गांधी अबतक 3500 किलोमीटर की दूरी तय कर चुके हैं। वहीं आने वाली 30 तारीख को यह यात्रा जम्मू-कश्मीर के शेर-ए-कश्मीर मैदान में संपन्न हो जाएगी।